Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में दुष्कर्म के आरोपी के हाफ एनकाउंटर पर बवाल, भड़के ग्रामीणों ने चांदपुर पुलिस चौकी घेरी-पथराव
ग्रामीण बोले-जब एक दिन पहले ही आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया तो फिर क्यों किया एनकाउंटर?
खुटार थाने की चांदपुर पुलिस चौकी पर ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। चौराहे पर रस्सियां बांधकर जाम लगाया और धरने पर बैठ गए। वे एनकाउंटर की जांच की मांग उठा रहे थे। घंटों के हंगामें के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया। लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव हो गया। पुलिस का आरोप है कि ग्रामीणों के पथराव करने के बाद हल्का बल प्रयोग करके, भीड़ को खदेड़ा गया।
अमृत विचार : शाहजहांपुर में दुष्कर्म के आरोपी गुड्डू शर्मा को एनकाउंटर में गिरफ्तार करने पर भारी बवाल मच गया। ग्रामीणों ने फर्जी मुठभेड़ का आारेप लगाकर खुटार थाने की चांदपुर पुलिस चौकी घेर ली। सवाल पूछा कि, "जब गुड्डू को पकड़कर एक दिन पहले ही पुलिस के हवाले कर दिया गया था, तो फिर एनकाउंटर क्यों किया?" चांदपुर पुलिस चौकी की घेराबंदी कर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। हालात बिगड़ गए। ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे के मुताबिक, भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। इस मामले में ग्राम प्रधान समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
घटनाक्रम खुटार क्षेत्र के एक गांव का है। मंगलवार दोपहर एक साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी गुड्डू को पुलिस ने उसी रात हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार किया था। बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया। लेकिन गुरुवार को इस घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। गुड्डू के एनकाउंटर से आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ चांदपुर पुलिस चौकी पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया।
आक्रोशित भीड़ यहां तांडव पर उतर आई। चांदपुर चौराहे पर रस्सियां बांधकर जाम कर दिया गया। सड़क पर वाहनों का लंबा जाम लगने लगा। उधर, भीड़ फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाकर नारेबाजी करती रही। करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। आरोपी गुड्डू के परिजन और ग्रामीण एनकाउंटर की जांच की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब गुड्डू को शाम 5 बजे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था तो रात 11 बजे खुटार मैलानी रोड प्रसादपुर मोड़ के पास फर्जी एनकाउंटर कर गोली क्यों मारी गई? जिस पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार शांत रहे।
पुलिस पर पथराव, लाठियां चलीं
धरना-प्रदर्शन कर रही भीड़ पर आरोप है कि उसने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने यहां लाठियां भांजी। हालात बिगड़ गए। अफरातफरी का माहौल हो गया। उधर, स्थितियों को देखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। चांदपुर पुलिस चौकी छावनी में बदल गई।
प्रधान को छुड़ा ले गईं महिलाएं
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के एक्शन के दौरान कुछ राहगीर भी इसका शिकार हो गए। आरोप है कि कुछ राहगीरों के साथ मारपीट की गई। दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने ग्राम प्रधान को पकड़ लिया था, लेकिन महिलाएं उन्हें छुड़ा ले गईं। इस दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच हाथापाई की बातें भी सामने आ रही हैं।
पुलिस ने हल्का बल किया प्रयोगः एसपी देहात
एसपी ग्रामीण भंवर दीक्षा ने बताया कि खुटार पुलिस ने गुड्डू शर्मा नामक व्यक्ति को एक साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया था। ग्राम प्रधान अपने कुछ साथियों के साथ पुलिस चौकी चांदपुर पर आए और नारेबाजी करते हुए चौकी का घेराव करने लगे। भीड़ के उग्र होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर किया था। प्रधान आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
