UP ATS की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार, सेना छावनी की रेकी का आरोप
लखनऊ/बुलंदशहर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की मेरठ यूनिट ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क के दो संचालकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे संचालकों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
बुलंदशहर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
एटीएस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है। दोनों बुलंदशहर जिले के अकबरपुर गांव के निवासी हैं। खुफिया सूचना के आधार पर 17 जून को दोनों को गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया से जुड़े थे पाकिस्तानी हैंडलर
एटीएस की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट्ट, हम्माद बरकती और राणा हुसैन के संपर्क में थे। एजेंसी के मुताबिक, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के इशारे पर काम कर रहे ये लोग भारतीय युवाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर देश की एकता, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के लिए भर्ती करने का प्रयास कर रहे थे।
https://twitter.com/Uppolice/status/2067581603413672097?s=20
बुलंदशहर में लगाए थे पोस्टर
जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों को पाकिस्तानी गैंगस्टर आबिद जट्ट के पोस्टर बुलंदशहर के विभिन्न इलाकों में लगाने का निर्देश दिया गया था, ताकि भय और आतंक का माहौल बनाया जा सके। पूछताछ में दोनों ने कई स्थानों पर पोस्टर लगाने की बात स्वीकार की है। उनके पास से 55 पोस्टर चस्पा करने का वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
छावनी और एयरफोर्स स्टेशन की रेकी का आरोप
एटीएस के मुताबिक, आरोपियों को लखनऊ स्थित सेना की छावनी और प्रयागराज के बमरौली वायुसेना स्टेशन की रेकी करने का भी काम सौंपा गया था। इसके लिए उन्हें कथित तौर पर 10 हजार रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया था।
अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में लखनऊ स्थित एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है। एटीएस के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े पांच मामले पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं और अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उमर और फैजान की गिरफ्तारी के बाद इस संख्या में और इजाफा हुआ है।
ये भी पढ़ें:-
