Sonbhadra : ससुराल आए दंपत्ति की रहस्यमय मौत, मुंह से निकल रहा था झाग; जांच में जुटी पुलिस
सोनभद्र। यूपी में सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह अपने ससुराल आये युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला जबकि पत्नी का शव चारपाई पर पाया गया। घटना के समय सिर्फ चार वर्षीय पुत्र ही साथ में था जो कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। घटनास्थल पर पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है। रायपुर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि आज सुबह रायपुर गांव में एक घर में पति पत्नी का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार शाम गुरौटी गांव निवासी विकास (30) अपने पत्नी आरती (27) और एक बच्चे के साथ अपने रायपुर थाना क्षेत्र स्थित ससुराल बाइक से आया था। आज सुबह जब आसपास के लोगों ने घर में कोई हलचल नहीं देखे तो घर पहुंचकर आवाज लगाने लगे। अंदर से आवाज नहीं आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को बताया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर का दरवाजा खोल कर देखा तो विकास फांसी पर लटका था जबकि पत्नी का शव चारपाई पर था। महिला के मुंह और नाक से सफेद गाज निकाल हुआ था। दोनों की मौत हो गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने सभी उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। उच्चाधिकारियों और मृतकों के परिवार आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मृतक लड़की के माता-पिता अपने दो लड़कियां और एक लड़के को लेकर बाहर रहते हैं। दोनों परिवारों को सूचना दिया गया है। मृतक के एक लड़का है जो करीब चार वर्ष का है वह घर में अकेला है कुछ भी बताने में असमर्थ हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अग्रिम कार्यवाही कर रही है।
