बृजभूषण शरण सिंह धमकी केस: आरोपी निकला मानसिक रोगी, गोंडा पुलिस की जांच में हुआ खुलासा
गोंडा, अमृत विचार: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक पुत्र प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। तफ्तीश में सामने आया कि धमकी देने वाला युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और राजस्थान की राजधानी जयपुर में उसका इलाज चल रहा है।
सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और जयपुर पुलिस के सहयोग से मंडावर क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी संदीप शर्मा तक पहुंची। जांच में पता चला कि संदीप शर्मा किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा नहीं है और न ही उसका कोई संगठित आपराधिक इतिहास मिला है।
आरोपी पहले भी कई लोगों को दे चुका है धमकियां
पूछताछ और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी से स्पष्ट हुआ कि वह मानसिक बीमारी से ग्रसित है तथा वर्तमान में उसका उपचार चल रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि मानसिक स्थिति के कारण वह पूर्व में भी कई लोगों को फोन कर इसी तरह की धमकियां दे चुका है। पुलिस को उसके खिलाफ किसी बड़ी साजिश या वास्तविक हमले की तैयारी से जुड़े साक्ष्य नहीं मिले।
निगरानी और नियमित इलाज के निर्देश
आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसके परिजनों को कड़ी चेतावनी देते हुए उस पर सतत निगरानी रखने और नियमित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। पुलिस जांच में वास्तविक खतरे या किसी सुनियोजित षड्यंत्र के संकेत नहीं मिलने के बाद पूर्व सांसद और विधायक के परिवार ने राहत की सांस ली है।
ये भी पढ़ें :
सीतापुर में दरोगा तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर, रिश्वत के कथित वीडियो ने मचाया हड़कंप, सीओ सिधौली को सौंपी जांच
