गोंडा : बीएलओ ऐप से छेड़छाड़, 600 जीवित मतदाताओं के सूची से कटे नाम; बीएलओ व लेखपाल पर कार्रवाई की मांग
गोंडा, अमृत विचार : विकास खंड परसपुर की ग्राम पंचायत बलमत्थर में पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीण दलजीत सिंह ने उपजिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी नेहा मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने बीएलओ और लेखपाल के खिलाफ जांच कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
परसपुर में 600 जीवित मतदाताओं के नाम सूची से कटे
शिकायतकर्ता के अनुसार पुनरीक्षण के दौरान करीब 400 पात्र एवं बालिग मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए, जबकि लगभग 600 जीवित मतदाताओं के नाम विलोपित कर दिए गए। वहीं नाबालिग, मृतक और बाहरी व्यक्तियों के नाम सूची में जोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा करीब 200 मतदाताओं के विवरण में बीएलओ ऐप के माध्यम से संशोधन किए जाने की बात कही गई है। दलजीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में दिसंबर 2025 में दावा-आपत्ति दाखिल की गई थी, जिस पर प्रशासनिक टीम ने जांच और आधार सत्यापन भी किया था।
घर-घर सत्यापन के बजाय दफ्तर में कागजी खानापूर्ति
आरोप है कि जांच में पात्र पाए गए लोगों के नाम भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि सत्यापन कार्य घर-घर जाकर करने के बजाय कथित रूप से कूटरचित अभिलेखों के आधार पर पूरा किया गया।
लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई- एसडीएम नेहा मिश्रा
एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि बीएलओ अथवा सुपरवाइजर की लापरवाही या गलती पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
