गोंडा के विकास को लगेंगे पंख!CM योगी से मिले करनैलगंज विधायक अजय सिंह, बिजली से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं में होगा बड़ा सुधार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

करनैलगंज (गोंडा): करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के कायाकल्प और स्थानीय निवासियों की सहूलियत के लिए क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने बुधवार को मुख्यमंत्री से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के चौमुखी विकास और जनहित से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विधायक ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपकर विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का आग्रह किया।

सरयू नदी में ड्रेजिंग और नए संपर्क मार्गों की मांग

विधायक अजय सिंह ने धार्मिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मोक्षदायिनी मां सरयू नदी में ड्रेजिंग (गाद सफाई) कार्य कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में धर्मार्थ मद के अंतर्गत क्षेत्र के कई प्रमुख संपर्क मार्गों के निर्माण की मांग उठाई। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं। 

1- दुरौनी-तिवारी बाजार-बनुआ उत्तरी भवानी मां बाराही देवी मार्ग
2- भौरीगंज-तुलसी जन्मस्थली राजापुर-नन्दौर मार्ग
3- पसका-इकनिया, मांझा-सोनौली-मोहम्मदपुर मार्ग
4- लखनऊ-गोंडा मार्ग से सकरौरा मार्ग
5- चकरौत-कडरू-आटा-अकोहरी बंधा मार्ग
6- करनैलगंज-परसपुर-दुर्जनपुर बंधा मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण

 CM योगी से मिले करनैलगंज विधायक अजय सिंह
CM योगी से मिले करनैलगंज विधायक अजय सिंह

बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़े प्रस्ताव

क्षेत्र में मूलभूत ढांचे को अपग्रेड करने के लिए विधायक ने परसपुर और करनैलगंज विकासखंडों में नए राजकीय पशु चिकित्सालयों के निर्माण का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा, बिजली संकट को दूर करने के लिए ग्राम पंचायत अंदूपुर, शाहपुर पसका और बेलवा नोहर में नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों (Substations) की स्थापना की मांग की।

परिवहन, खेल और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री के सामने निम्नलिखित प्रस्ताव रखे गए हैं। इसमें परिवहन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा और खेल हैं। 

परिवहन: तहसील मुख्यालय करनैलगंज में एक आधुनिक बस स्टेशन का निर्माण।
स्वास्थ्य: परसपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का उच्चीकरण (Upgradation)।
शिक्षा व खेल: परसपुर में राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना और ग्राम सभा डोमाकल्पी में स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए भूमि का आवंटन।
सुरक्षा: कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायत शाहपुर में एक नए पुलिस थाने की स्थापना।

मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

मुलाकात के बाद विधायक अजय सिंह ने कहा कि इन सभी महत्वकांक्षी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था का स्तर काफी सुधरेगा। इससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आएगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों को बेहद ध्यान से सुना और उन पर सकारात्मक रूप से त्वरित विचार करने का ठोस आश्वासन दिया है।

 

संबंधित समाचार