Ram Mandir Controversy: दान पत्र विवाद में कूदे बृजभूषण शरण सिंह, बोले- बिना धुएं के आग नहीं निकलती

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

पूर्व सांसद का दावा, ट्रस्ट ही नहीं, सरकार भी घेरे में, सवालों को दबाया नहीं जा सकता

गोंडा, अमृत विचार: श्रीराम मंदिर दान पत्र से जुड़े कथित घपले को लेकर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने तीखा बयान देते हुए कहा कि यह मामला अब केवल राम मंदिर ट्रस्ट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसकी आंच सीधे केंद्र और प्रदेश सरकार तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को आहत किया है और इसकी सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस विवाद से जो झटका लगा है, वह किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि ट्रस्ट से जुड़े लोगों की वजह से लगा है। उन्होंने कहा कि "यह आरोप इतने गंभीर हैं कि इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आने वाले दिनों में पूरे मामले का सच देश के सामने होगा।"

अयोध्या में सामने आ रहे दस्तावेजों और घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह के तथ्य सामने आ रहे हैं, वे कई सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा को लेकर कहा कि वह उन्हें पूरी तरह निर्दोष मानते हैं और उनके खिलाफ किसी तरह की शंका नहीं है।

बिना धुएं के आग नहीं निकलती

पूर्व सांसद ने कहा कि "बिना धुएं के आग नहीं निकलती। जब लगातार आरोप लग रहे हैं और सवाल उठ रहे हैं तो कहीं न कहीं कुछ न कुछ गड़बड़ी जरूर हुई है।" उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए ताकि वास्तविकता देश के सामने आ सके।

उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ लोग यदि इस मुद्दे को उठा रहे हैं तो इसे हल्के में लेने की भूल नहीं करनी चाहिए। सरकार को तत्काल संज्ञान लेकर तथ्यों की जांच करानी चाहिए, क्योंकि मामला केवल धन का नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास से जुड़ा हुआ है। बृजभूषण ने कहा कि राम मंदिर राष्ट्र की आस्था का प्रतीक है और उससे जुड़े किसी भी विवाद पर पर्दा डालने के बजाय सच सामने लाना ही सबसे बड़ा धर्म है।

ये भी पढ़ें  : 
वाराणसी में मुहर्रम पर पुलिस कमिश्नर ने दी सख्त चेतावनी, 'न शुरू करें कोई नई परंपरा, विवाद फैलाया तो होगी कार्यवाई'

संबंधित समाचार