Bareilly News : आईफोन शोरूम के मालिक आशुतोष अग्रवाल के घर ईडी ने 40 घंटे से ज्यादा तक चलाया सर्च अभियान
बरेली, अमृत विचार। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईफोन शोरूम के मालिक और कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स के डिस्ट्रीब्यूटर आशुतोष अग्रवाल का घर खंगाल डाला है। उनके घर और गोदाम में 40 घंटे से ज्यादा समय तक जांच की। मोबाइल, लैपटॉप, वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए। ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि पंजाब में 100 करोड़ की जीएसटी चोरी और मनी लांड्रिंग मामले में आशुतोष अग्रवाल की कोई भूमिका है या नहीं।
पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजीव अरोरा मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त में 100 करोड़ की जीएसटी चोरी और मनी लांड्रिंग मामले में फंसे हैं। आशुतोष अग्रवाल, पूर्व मंत्री संजीव अरोरा के करीबी हैं। मंगलवार को ईडी ने पंजाब, दिल्ली एनसीआर और बरेली में एक साथ छापेमारी शुरू की थी।
बरेली में ईडी की टीम बुधवार तक जांच में जुटी रही। कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर में किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं रही।
संजीव अरोरा से पूछताछ में मिले इनपुट के बाद आशुतोष अग्रवाल ईडी की रडार पर आए। आशुतोष अग्रवाल भी मोबाइल कारोबार से जुड़े हैं। सिविल लाइंस में उनका आईफोन का एक शोरूम है। मंगलवार की सुबह सात बजे ईडी ने मारवाड़ीगंज स्थित उनके घर पर छापा मारा था।
पंजाब के पूर्व मंत्री संजीव अरोरा और बरेली के कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के बीच कारोबारी कनेक्शन माना जा रहा है। आशुतोष अग्रवाल, कैडबरी हिंदुस्तान यूनिलयर समेत कई नामचीन कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटर हैं।
करीबी कारोबारियों में हलचल
आशुतोष अग्रवाल कई नामचीन कंपनियों के ब्रांड्स से जुड़े हैं। ऐसे में उनके घर ईडी की छापेमारी ने बरेली और आसपास के कारोबारियों में हलचल बढ़ा दी है। इसलिए भी क्योंकि कई कारोबारी सीधे तौर पर आशुतोष अग्रवाल से जुड़े हैं। ईडी की जांच में अगर कोई बड़ी गड़बड़ी मिलती है तो जांच का दायरा बढ़ सकता है।
व्यापार से कौन जुड़ा
ईडी की टीम यह भी जानने की कोशिश में जुटी है कि आशुतोष अग्रवाल के व्यापार से कौन लोग जुड़े हैं। उनके बीच कितना लेनदेन हुआ। उनके द्वारा जो टर्नओवर दिखाया जा रहा है, उसके सापेक्ष व्यापार कितना है? जीएसटी चोरी तो नहीं है? ऐसे तमाम सवालों के साथ ईडी की टीम जांच आगे बढ़ा रही है।
ये भी पढ़ें - यूपी में भ्रष्टाचार पर प्रहार : शाजहांपुर में 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते सिपाही गिरफ्तार
