ALERT! भीषण गर्मी में बम की तरह फट सकता है AC; नोएडा के CFO ने जारी की जरूरी गाइडलाइन
गौतमबुद्धनगरः उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी के बीच एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लेकिन जरा सी लापरवाही इस लाइफ-सेवर उपकरण को बड़े हादसे की वजह बना सकती है। इसी खतरे को देखते हुए गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों के लिए बेहद जरूरी फायर सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है।
अग्निशमन अधिकारी ने आगाह किया कि चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के कारण जब एसी को बिना ब्रेक के लगातार चलाया जाता है, तो इलेक्ट्रिकल ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट और वायरिंग में खराबी आने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है, जो आगे चलकर भीषण आग का रूप ले लेती है।
AC चलाते समय इन 5 बातों का रखें खास ख्याल
हादसों से बचने के लिए फायर डिपार्टमेंट ने आम जनता से इन सुरक्षा मानकों को अपनाने की अपील की है:
1- नियमित मेंटेनेंस: एसी की समय-समय पर अधिकृत मैकेनिक से सर्विसिंग जरूर कराएं।
2- क्वालिटी से समझौता नहीं: हमेशा आईएसआई (ISI) मार्क वाले और मानक गुणवत्ता के बिजली उपकरणों का ही इस्तेमाल करें।
3- एमसीबी (MCB) का उपयोग: एसी के लोड के लिए एक अलग पावर लाइन और सही क्षमता वाली एमसीबी लगाना बेहद जरूरी है।
4- लोकल एक्सटेंशन को कहें 'ना': पुराने या कटे-फटे तारों, ढीले कनेक्शन और लोकल एक्सटेंशन बोर्ड के इस्तेमाल से पूरी तरह बचें।
5- ज्वलनशील चीजें रखें दूर: एयर कंडीशनर (विशेषकर आउटडोर यूनिट) के आस-पास प्लास्टिक, कपड़े या कोई भी ज्वलनशील वस्तु न रखें।
अगर लग जाए आग, तो तुरंत करें ये काम
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि यदि दुर्भाग्यवश कभी ऐसी आपातकालीन स्थिति बनती है, तो घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लें। घर या दफ्तर की मुख्य बिजली आपूर्ति (Main Power Supply) को तुरंत बंद कर दें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
यदि आग बिजली के उपकरणों या तारों में लगी हो, तो उस पर भूलकर भी पानी न डालें। पानी डालने से करंट फैलने और ब्लास्ट होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में केवल उपयुक्त अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) का ही प्रयोग करें।
इमरजेंसी में यहाँ करें संपर्क
अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के इस मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें। किसी भी अप्रिय घटना या आग लगने की सूरत में बिना समय गंवाए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करें या अपने नजदीकी स्थानीय फायर स्टेशन से तुरंत संपर्क साधें। सजगता और सावधानी ही इस भीषण गर्मी में आपके और आपके परिवार को सुरक्षित रख सकती है।
