चंद्रशेखर आजाद के आगमन पर सीतापुर में खुफिया विभाग अलर्ट: चकमार्ग पर बन रहा 'अशोक द्वार' प्रशासन ने ढहाया, पुलिस की भारी चौकसी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सीतापुर, अमृत विचार: नगीना सांसद एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के गुरुवार को प्रस्तावित मझिगवां दौरे से पहले प्रशासन ने कमर कस ली है। बढ़ती सियासी सरगर्मी के बीच खुफिया विभाग को सक्रिय किया गया है, जबकि पुलिस की चौकसी भी बढ़ायी गयी है। गांव में चकमार्ग की भूमि पर बन रहे सम्राट अशोक स्मृति द्वार का निर्माण कार्य रुकवा दिया गया तथा मामले में लापरवाही बरतने पर संबंधित लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है।

रामपुर मथुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मझिगवां में सम्राट अशोक स्मृति द्वार और संविधान पार्क के लोकार्पण के लिए गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद के पहुंचने की चर्चा थी। कार्यक्रम को लेकर गांव में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच एसडीएम डॉ. अंजली सिंह, तहसीलदार उमाशंकर, सीओ वेदप्रकाश और बीडीओ प्रतिभा जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में निर्माणाधीन स्मृति द्वार का स्थल गाटा संख्या 58 की चकमार्ग भूमि पर पाया गया। साथ ही निर्माण के लिए शासन से अनुमति भी नहीं ली गई थी।

लेखपाल हुए निलंबित

इसके बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया और क्षेत्रीय लेखपाल सतीश कुमार को निलंबित कर दिया। उधर, इस कार्रवाई से नाराज भीम आर्मी पदाधिकारी तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। संगठन के नेताओं ने प्रशासन पर कार्यक्रम को प्रभावित करने का आरोप लगाया। हालांकि एसडीएम का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और राजस्व भूमि की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। चंद्रशेखर के आगमन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है और खुफिया तंत्र को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

दौरा तय, प्रधान पिता का जानेंगे कुशल-क्षेम

भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर ने बताया कि गुरुवार को पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद का मझिगवां आगमन तय है। उनकी एसडीएम से बातचीत हुई है, जिसमें कुछ तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा हुई। फिलहाल चंद्रशेखर गांव पहुंचकर ग्राम प्रधान के पिता का कुशलक्षेम जानेंगे।

संबंधित समाचार