Rampur News : शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी को बुलाने पर उतरी नीचे

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

4 साल पुराने प्रेम प्रसंग का हाईवोल्टेज ड्रामा, घंटों चला मनाने का दौर

मिलक, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाङपुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने साफ कह दिया कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर आकर शादी का भरोसा नहीं देगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर पर चढ़ी युवती को देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बावजूद युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती का कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती का आरोप था कि प्रेमी शादी का आश्वासन देने के बाद अब दूरी बना रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह ने अपनी टीम और महिला पुलिस कर्मियों और सर्विलांस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को लोकेशन के आधार पर बुलवाया। प्रेमी के मौके पर पहुंचने और बातचीत करने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को राजी हो गई।

इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई, जहां देर शाम तक समझौते और विवाह को लेकर बातचीत चलती रही। युवती शादी की मांग पर अड़ी हुई है, जबकि दोनों परिवारों के बीच भी वार्ता जारी है।

प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं। मामले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। दोनों पक्षों एवं परिजनों की सहमति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार