Bareilly News : चौपुला ओवरब्रिज खुला, वाहनों ने भरा फर्राटा
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने फीता काटकर किया औपचारिक उद्घाटन
बरेली, अमृत विचार। चौपुला ओवरब्रिज मरम्मत के बाद आखिरकार बुधवार को आम जनता के लिए खुल गया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने सुबह नौ बजे फीता काटकर इसका औपचारिक उद्घाटन किया। इस पुल के खुलने से पिछले करीब 35 दिन से मुसीबत उठा रहे हजारों लोगों ने राहत की सांस ली।
800 मीटर लंबे इस ओवरब्रिज को मरम्मत के लिए 12 मई को बंद किया गया था। इससे सुभाषनगर समेत बदायूं रोड पर रह रहे हजारों लोगों को रोजाना आने-जाने में भारी मुसीबत झेलनी पड़ रही थी। जाम और डायवर्जन के चलते सुभाषनगर में रेलवे पुलिया और मढ़ीनाथ में रेलवे ओवरब्रिज पर दिन भर जाम आम बात हो गई थी। बहरहाल एनएचएआई ने शासन से मिले 1.30 करोड़ रुपये के बजट से इसके 30 एक्सपेंशन ज्वॉइंट्स को दुरुस्त किया। इस काम के लिए 45 दिनों का समय तय था, लेकिन निर्माण कार्य 10 दिन पहले ही पूरा हो गया। बुधवार सुबह जब सुबह छह बजे ओवरब्रिज वाहनों के लिए खोल दिया गया।

उद्घाटन के लिए रोका ट्रैफिक
ओवरब्रिज सुबह छह बजे खाेलने पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने नाराजगी जताई। उनका तर्क था कि जब सुबह नौ बजे उद्घाटन का समय तय था, तो पुल पहले कैसे खोल दिया गया। पुलिस ने आनन-फानन में बैरियर लगाकर ट्रैफिक रोक दिया। विधायक ने आकर फीता काटा इसके बाद पुल पर ट्रैफिक फिर शुरू कर दिया गया। भाजपा नेता राज बहादुर सक्सेना, शिशुपाल कठेरिया, अरुण कश्यप, अमरीश कठेरिया, सागर मौर्य, सुभाष वर्मा, हर्षित गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, गोलू सक्सेना, अमन सक्सेना, विशाल सिंह, बिंदु, प्रदीप रोहिल्ला, नीरज श्रीवास्तव सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

किसान एकता संघ ने जताया आभार
किसान एकता संघ ने चौपुला ओवरब्रिज की मरम्मत पूरी होने पर प्रशासन का आभार जताया। डॉ. रवि नागर ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए संगठन ने लगातार आवाज उठाई थी। आभार जताने वालों में प्रदेश अध्यक्ष राजेश शर्मा, मंडल सचिव भगवान सिंह, डॉ. अंशु भारती और सुरेंद्र तिवारी सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
