Farrukhabad News : फर्रुखाबाद में ट्रांसफार्मर में लगी आग से तीन दुकानें खाक, पांच लाख की संपत्ति नष्ट
फर्रुखाबाद जिले के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक विद्युत ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सात मोटरसाइकिल, एक स्कूटी समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई।
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक विद्युत ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सात मोटरसाइकिल, एक स्कूटी समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई।
फायर ब्रिगेड सूत्रों ने बताया कि मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर नलबधार के समीप स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर में बुधवार सुबह करीब पांच बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगते ही ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें देखते ही देखते ट्रांसफार्मर के निकट स्थित तीन दुकानों तक पहुंच गईं। इनमें भाऊपुर निवासी मोटरसाइकिल मिस्त्री बाबू की मरम्मत की दुकान भी शामिल थी, जहां रिपेयरिंग के लिए खड़ी सात मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। इसके अलावा नगला कलार निवासी सब्जी विक्रेता संदीप तथा सागर राजपूत की सब्जी की दुकानें भी जलकर राख हो गईं।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
सूत्रों के अनुसार अग्निकांड में तीनों दुकानों में रखा सामान समेत कुल लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
