मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे बाहरी लोगों का हुआ वेरिफिकेशन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ के कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भोला रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर मंगलवार रात एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत भोला रोड पर अस्थायी रूप से बसी करीब 15 से 20 झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे लोगों का सत्यापन किया गया। 

पुलिस के अनुसार, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले अधिकांश परिवार असम राज्य के बताए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस, स्थानीय प्रशासन और खुफिया विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां रह रहे व्यक्तियों से पूछताछ की तथा उनके नाम, पते, मूल निवास स्थान और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि आधार कार्ड समेत अन्य अभिलेखों का भी सत्यापन किया गया। 

पुलिस ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया में यक्ष ऐप और त्रिनेत्र ऐप जैसी तकनीकी प्रणालियों का उपयोग करके संबंधित व्यक्तियों की पहचान और संभावित आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई गई। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान प्राप्त सभी व्यक्तियों और परिवारों का विवरण थाना अभिलेखों में दर्ज किया गया है ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान और सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

ये भी पढ़ें  : 
गोंडा : बेंगलुरु से घर लौट रहे मजदूर का झाड़ियों में लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

संबंधित समाचार