NEET UG री एग्जाम आज : 75 केंद्रों पर 35,494 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा का अभेद्य घेरा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

पेपर लीक की पुनरावृत्ति रोकने को प्रशासन अलर्ट, साइबर टीम, खुफिया विभाग और पुलिस की विशेष निगरानी

लखनऊ, अमृत विचार। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी रविवार को राजधानी के 75 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में 35 हजार 494 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलने वाली परीक्षा के लिए इस बार अभ्यर्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया गया है। पेपर लीक जैसी किसी भी आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, साइबर सेल और खुफिया विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, सघन जांच व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रतिबंधित सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

एडीएम प्रशासन प्रदीप वर्मा ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति या अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नीट-यूजी देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है। इसके मेरिट के आधार पर एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीयूएमएस, बीएचएमएस समेत विभिन्न चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व आयोजित नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र देश के कुछ हिस्सों में लीक होने के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। इसी वजह से इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाया गया है।

साल्वर गिरोह पर शिकंजा, मेडिकल छात्रों की रविवार को भी कक्षाएं

संभावित साल्वर गिरोहों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राजधानी के दो प्रमुख चिकित्सा संस्थानों केजीएमयू और लोहिया संस्थान में विशेष व्यवस्था की गई है। दोनों संस्थानों के सभी वर्ष के एमबीबीएस छात्र-छात्राओं को रविवार को प्रैक्टिकल और कक्षाओं में व्यस्त रखा जाएगा। निर्देश दिए गए हैं कि नीट परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक सभी छात्र-छात्राएं कक्षा कक्षों में मौजूद रहेंगे। उनकी निगरानी के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है तथा उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है।

संबंधित समाचार