Barabanki News : खाद की कालाबाजारी पकड़ी, 85 बोरी खाद बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोठी/बाराबंकी, अमृत विचार : खाद की कालाबाजारी व अनुदानित यूरिया के अवैध डायवर्जन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 85 बोरी यूरिया से लदी एक पिकअप पकड़ी गई। मामले में एक खाद विक्रेता, पिकअप चालक तथा कथित रूप से परिवहन कराने वाले व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जिला कृषि अधिकारी राजितराम के अनुसार शुक्रवार रात सफेदाबाद ओवरब्रिज पर पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन में 85 बोरी यूरिया लदी थी, लेकिन चालक कोई वैध बिल या चालान प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक मनीष कुमार निवासी कोठी ने पूछताछ में बताया कि उसे एक व्यक्ति ने फोन कर जरगावां से खाद लादकर लखनऊ स्थित इंदिरा नहर पुल तक पहुंचाने के लिए कहा था।

इसके बाद कृषि विभाग और पुलिस की टीम ने रात में ही सिद्धौर ब्लॉक के जरगावां स्थित मेसर्स मां दुर्गा किसान सेवा केन्द्र पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान दुकान के भौतिक स्टॉक और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड में अंतर पाया गया तथा 14 बोरी यूरिया अतिरिक्त मिली। विक्रेता बिक्री एवं स्टॉक रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में विक्रेता द्वारा जिन किसानों को यूरिया बिक्री किए जाने का दावा किया गया था, उनमें से अधिकांश के नाम आईएफएमएस पोर्टल पर दर्ज नहीं मिले। पोर्टल रिकॉर्ड और विक्रेता के बयान में भी काफी विसंगतियां पाई गईं। जिलाधिकारी की अनुमति से खाद विक्रेता दुर्गेश कुमार, अंकुर वर्मा तथा पिकअप चालक मनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

संबंधित समाचार