Barabanki News : बाराबंकी में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, तीन महिला समेत 4 को पुलिस ने दबोचा
बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार देर रात शहर में की गई छापेमारी के दौरान चलते मिले सेक्स रैकेट को लेकर चार गिरफ्तारी हुई हैं। इनमें तीन महिलाएं हैं। खास बात यह कि यहां पर देह व्यापार के साथ ही नशीले पदार्थों का कारोबार भी जारी था।
बताते चलें कि क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार और क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने शुक्रवार रात कोतवाली नगर क्षेत्र के सिद्धार्थनगर स्थित एक मकान पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि यहां संगठित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों से संपर्क करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, देह व्यापार के साथ-साथ ग्राहकों को अतिरिक्त धन लेकर गांजा, कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य उत्पाद भी उपलब्ध कराए जाते थे। इस संबंध में कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट तथा स्त्रियों एवं कन्याओं के अनैतिक व्यापार दमन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहल्ला सिद्धार्थनगर निवासी उमा देवी, गुड्डून देवी, शिल्पी मौर्या और दिनेश मौर्या शामिल हैं। इस दौरान पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 59 शीशी कोडीन युक्त सिरप, 245 ग्राम गांजा, 58 पैकेट न्यूट्रिशन सप्लीमेंट, 285 कंडोम तथा 1600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
