योगी सरकार की ‘ब्लू डॉट्स AI’ पहल शुरू: वॉयस कॉल और मोबाइल मैप से युवाओं को मिलेगी अपने आसपास नौकरी
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने स्थानीय युवाओं को उनके आसपास रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 'ब्लू डॉट्सएआई' पहल की शुरुआत की है। शनिवार को व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर में प्रदेश के पहले संयुक्त सुविधा केंद्र (जेएफसी) का उद्घाटन किया। गाजियाबाद में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब इस व्यवस्था का विस्तार प्रदेश के सभी 18 मंडलों में किया जाएगा।
वॉयस कॉल से मिलेगी नौकरी की जानकारी
इस डिजिटल पहल के तहत युवा अपनी भाषा में वॉयस कॉल के माध्यम से रोजगार संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंगे। मोबाइल मैप पर उनके आसपास उपलब्ध नौकरियों की जानकारी दिखाई जाएगी। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं और उद्योगों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा।
उद्योगों को मिलेंगे प्रशिक्षित युवा
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि तकनीक के माध्यम से स्थानीय हुनर और उद्योगों को जोड़कर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूती दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में पायलट प्रोजेक्ट के दौरान कुछ ही महीनों में 16 हजार से अधिक स्थानीय रोजगार के अवसर और 15 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ था।
हर मंडल में बनेंगे सुविधा केंद्र
मुजफ्फरनगर में स्थापित पहला संयुक्त सुविधा केंद्र क्षेत्रीय समन्वय का प्रमुख केंद्र होगा। आने वाले समय में प्रदेश के सभी 18 मंडलों में ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, रोजगार कार्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, उच्च शिक्षण संस्थान और एमएसएमई विभाग मिलकर काम करेंगे।
तकनीक से खत्म होगी दूरी
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कई बार एक ही क्षेत्र में नौकरी और योग्य अभ्यर्थी मौजूद होने के बावजूद जानकारी के अभाव में दोनों का मेल नहीं हो पाता। 'ब्लू डॉट्सएआई' की लोकेशन आधारित मैपिंग और वॉयस सुविधा इस दूरी को खत्म करेगी और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।
ये भी पढ़ें:- खाद्य कारोबारियों को राहत: फर्जी फूड सेफ्टी अधिकारियों पर सख्ती, अब बिना आईडी कार्ड नहीं होगा निरीक्षण या कार्रवाई
