बागपत सचिन हत्याकंड : इश्क में पत्नी बनी कातिल, पहले खिलाई नशीली खीर, फिर प्रेमी संग घोंट दिया पति का गला
त्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि बड़ौत थाना क्षेत्र के नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी किसान सचिन डागर (34) की शनिवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, पत्नी रचना ने पड़ोसियों को फोन कर बताया कि सचिन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और आनन-फानन में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों और परिजनों को सचिन के गले पर चोट के निशान दिखे, जिसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताई। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवक शुक्रवार रात करीब 10 बजकर 27 मिनट पर रचना के घर में दाखिल होता और देर रात करीब तीन बजकर 27 मिनट पर बाहर निकलता हुआ दिखाई देता है।
पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि
पुलिस ने बताया कि वारदात से पहले महिला ने पति को खीर में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया था। पुलिस के मुताबिक, दो चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि की। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में पत्नी रचना ने अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि रचना की इंस्टाग्राम के जरिए रंछाड़ गांव निवासी सोनू से दोस्ती हुई थी और उसने खुद को नौसेना का जवान बताया था।
अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच संबंधों का सचिन विरोध करता था। उन्होंने बताया कि रचना ने वारदात से पहले खीर में पांच-छह नशीली गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं, जिसके बाद उसने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर सचिन की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
