40 साल की शानदार सेवा... विदाई के वक्त भावुक हुए जनरल उपेंद्र द्विवेदी, लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने संभाली कमान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख के पद से 40 वर्ष से अधिक की गौरवशाली सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों और सैन्य आधुनिकीकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य में युद्ध अधिक एकीकृत, संयुक्त एवं समन्वित सैन्य अभियान पर केंद्रित होंगे, इसलिए सशस्त्र बलों की दिशा पूरी तरह स्पष्ट होनी चाहिए। उनका मूल मंत्र है, "साथ मिलकर देखना, साथ मिलकर निर्णय लेना और साथ मिलकर कार्रवाई करना।"

मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ सैन्य अधिकारी जनरल द्विवेदी को 'साउथ ब्लॉक' के लॉन में आयोजित एक औपचारिक विदाई समारोह में 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा, "आज, जब मैं सेनाध्यक्ष के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा कर रहा हूं तो मुझे अत्यंत कृतज्ञता, गर्व और संतुष्टि महसूस हो रही है। सैनिक स्कूल से लेकर अब तक का सफर बहुत शानदार रहा है।"


सैनिकों और नागरिकों का अटूट भरोसा ही सेना की ताकत

जून 2024 में 30वें सेना प्रमुख का पद संभालने वाले जनरल द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सेना को अपनी ताकत किसी एक व्यक्ति से नहीं बल्कि अपने सैनिकों, कमांडरों, पूर्व सैनिकों, परिवारों और देश के नागरिकों के अटूट भरोसे से मिलती है। विदाई समारोह से पहले उन्होंने राष्ट्रीय समर स्मारक (National War Memorial) का दौरा किया और देश के वीर सपूतों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सेना ने 'एक्स' पर इस भावुक क्षण की तस्वीरें साझा करते हुए उनके अटूट समर्पण की सराहना की।

'ऑपरेशन स्नो लेपर्ड' और 'ऑपरेशन सिंदूर' से स्थापित हुआ 'न्यू नॉर्मल'

जनरल द्विवेदी ने पत्रकारों को बताया कि पिछले दो वर्षों में भारतीय सेना ने सभी मोर्चों पर अपनी अभियानगत तैयारी को लगातार मजबूत किया है। 'ऑपरेशन स्नो लेपर्ड' के तहत भारतीय सेना की तैनाती बेहद मजबूत और सतर्क है। सेना ने पूरी गंभीरता से अपना कर्तव्य निभाया है, जिसका ज्वलंत उदाहरण 'ऑपरेशन सिंदूर' है। उन्होंने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में मई 2025 में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान थल सेना, नौसेना और वायु सेना ने अद्वितीय तालमेल, साझा सोच और एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए देश की सुरक्षा में एक 'न्यू नॉर्मल' स्थापित किया है।

ये भी पढ़ें  : 
Operation Amistad: भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल में पीड़ितों का इलाज, वेनेजुएला सरकार ने कहा-Thank you, Bharat

संबंधित समाचार