Bareilly News : बरेली से यात्रियों को लेकर जेवर की उड़ान भरेगा एटीआर-72
सांसद छत्रपाल गंगवार करेंगे हवाई सेवा का उद्घाटन
बरेली, अमृत विचार। जेवर के लिए बरेली एयरपोर्ट से शुरू हो रही उड़ान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, इंडियो का एटीआर-72 विमान 1 जुलाई को बरेली से 78 यात्रियों को लेकर जेवर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगा। उद्घाटन बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार करेंगे। एयरपोर्ट प्रशासन हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में तेजी से कदम आगे बढ़ा रहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, बरेली टू जेवर रूट पर 78 सीट क्षमता वाला एटीआर-72 विमान संचालित किया जाने वाला है। विमान में यात्रियों के लिए इकोनॉमी श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अभी इस उड़ान को लेकर टिकट बुकिंग नहीं हुई है। नई उड़ान सेवा शुरू होने से बरेली से उत्तराखंड के कुमायूं रीजन तक के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र तक पहुंच आसान होगी। इससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े लोगों लाभान्वित होंगे। रुहेलखंड क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इसके साथ गोवा, चेन्नई, हैदराबाद, जयपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करने सम्बंधी प्रस्ताव भी भेजा चुका है और भविष्य में बरेली की हवाई कनेक्टिविटी देश के हर कौने में नजर आएगी।
एटीआर-72 विमान की खासियत
फ्रांस और इटली द्वारा निर्मित एटीआर-72 दो इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है। इसे विशेष रूप से कम दूरी और क्षेत्रीय उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया है। अच्छी ईंधन क्षमता, छोटे रनवे से उड़ान भरने की क्षमता और कम लागत इसकी खूबियों में शुमार हैं। विमान में 78 यात्रियों के बैठने की सुविधा है। इंडियो इस एयर क्रॉफ्ट का इस्तेमाल बरेली एयरपोर्ट से जेवर की उड़ान के लिए करने वाली है।
बरेली से एक जुलाई को जेवर के लिए उड़ान सेवा शुरू की जा रही है। एटीआर 72 विमान बरेली से 78 यात्रियों को लेकर जेवर की उड़ान भरेगा। हवाई सेवा का उद्घाटन लोकसभा सदस्य क्षत्रपाल सिंह गंगवार करेंगे। - अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर बरेली एयरपोर्ट।
