Meerut Crime: मेरठ में दिनदहाड़े 6 साल के बच्चे का अपहरण, CCTV में कैद हुई बदमाशों की करतूत, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ (बहसूमा): मेरठ के रामराज गांव में मंगलवार की दोपहर दिनदहाड़े एक छह साल के मासूम बच्चे अंगदवीर का अपहरण हो गया। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। सफेद रंग की वैगनआर कार में आए बदमाशों ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया और हाशिमपुर रोड की तरफ फरार हो गए। वारदात के समय मासूम की दादी बलजिंदर कौर घर पर ही थीं। देर रात दादी ने मुजफ्फरनगर के मीरापुर निवासी अर्पित शर्मा के खिलाफ बच्चे के अपहरण की तहरीर दी है।
CCTV में कैद हुई लाइव वारदात
बच्चे के काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता न चलने पर शाम 6 बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बहसूमा थाना पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर सामने आया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार: दोपहर ठीक 11:32 बजे एक सफेद वैगनआर कार आकर रुकती है।
कार से उतरा एक बदमाश मासूम अंगदवीर को गाड़ी के अंदर बैठाता है और कार तेजी से हाशिमपुर रोड की तरफ निकल जाती है।
पारिवारिक विवाद और 'प्रेम प्रसंग' का एंगल, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस हाई-प्रोफाइल अपहरण कांड में पारिवारिक कलह और प्रेम-प्रसंग समेत कई कोणों से जांच कर रही है। दादी बलजिंदर कौर ने बताया कि अंगदवीर के पिता गुरसेवक सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। वहीं, उसकी मां गुरप्रीत कौर पांच दिन पहले ही मायके से लौटी है। पति-पत्नी के बीच प्रॉपर्टी को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि फिलहाल बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए बच्चे की मां गुरप्रीत और दादी बलजिंदर कौर से अलग-अलग पूछताछ की है।
"दादी की ओर से नामजद तहरीर मिली है। पुलिस अपहरण, प्रॉपर्टी विवाद और प्रेम-प्रसंग जैसे कई पहलुओं को ध्यान में रखकर काम कर रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा।"
— पंकज लवानिया, सीओ मवाना
