Kanpur News : टंकी से जलापूर्ति शुरू न होने पर डीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर को लगाई फटकार
कानपुर। कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत बौढ़नपुर-चौधरीपुर में निर्मित ओवरहेड पानी की टंकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लगभग 3.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है।
परिसर में सोलर प्लांट और जेनरेटर की व्यवस्था भी उपलब्ध है तथा जलापूर्ति का ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है। इसके बावजूद ग्रामीणों को अब तक नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके से ही कार्यदायी संस्था वीटीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज द्विवेदी से दूरभाष पर वार्ता कर कड़ी फटकार लगाई और जलापूर्ति तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
योजना का लाभ ग्रामीणों तक न पहुंचना गंभीर लापरवाही : डीएम
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने और ट्रायल सफल होने के बाद भी योजना का लाभ ग्रामीणों तक न पहुंचना गंभीर लापरवाही है। यह परियोजना तीन ग्रामों की 3,466 आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्थापित की गई है।
योजना के अंतर्गत 663 घरों तक नल से जल पहुंचाया जाना है, जिसके लिए 9,782 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को अविलंब संचालित कर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
