Sonbhadra News : पशु तस्करी नेटवर्क पर यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बंगाल से आरोपी गिरफ्तार; 100 करोड़ तक के लेनदेन का खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

25 से अधिक बैंक खातों की जांच में सामने आया करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन, संगठित गिरोह की तलाश जारी

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल से वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान विभिन्न बैंक खातों के जरिए 80 से 100 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। मामले में अब तक 25 से अधिक बैंक खातों की जांच की जा चुकी है।

पश्चिम बंगाल से दबोचा गया आरोपी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी राजा कुरैशी उर्फ हसीन कुरैशी (32) को गिरफ्तार किया। आरोपी को सोमवार को सोनभद्र की अदालत में पेश किया गया।

बैंक खातों के जरिए चलता था करोड़ों का नेटवर्क

एसपी के मुताबिक, आरोपी विभिन्न बैंक खातों में 49,000 और 99,000 रुपये की राशि जमा करता था। यह रकम कई खातों से होकर बिहार के भभुआ निवासी कुछ लोगों के खातों तक पहुंचाई जाती थी। इसके बाद एटीएम और यूपीआई के जरिए नकदी निकालकर पशु तस्करों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बड़ी रकम के लेनदेन के लिए जनसेवा केंद्रों (CSC) का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।

80 से 100 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा

जांच में पता चला कि अवैध गौवंश तस्करी एक संगठित गिरोह के माध्यम से संचालित की जा रही थी। तस्करी से मिलने वाली रकम को अलग-अलग व्यक्तियों और व्यावसायिक खातों के जरिए ट्रांसफर किया जाता था, ताकि असली लाभार्थियों की पहचान छिपी रहे। अब तक 25 से अधिक बैंक खातों की जांच में 80 से 100 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

पहले भी हो चुकी है एक गिरफ्तारी

एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि इसी मामले में इससे पहले रिशु यादव उर्फ विकास यादव को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच लगातार जारी है।

संबंधित समाचार