17 जुलाई को अयोध्या पहुंचेंगे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, गौ रक्षा संदेश के साथ होगा भव्य स्वागत समारोह
धर्मू का पुरवा स्थित निर्माणाधीन सागर पैलेस में होगा कार्यक्रम, 18 जुलाई की सुबह बस्ती के लिए करेंगे प्रस्थान; आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कीं।
अयोध्या। जोशीमठ स्थित ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 17 जुलाई को अयोध्या दौरे पर आएंगे। उनके सम्मान में धर्मू का पुरवा स्थित निर्माणाधीन सागर पैलेस में स्वागत एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक सागर पैलेस के संस्थापक लड्डू लाल यादव हैं। समारोह का आयोजन दोपहर 3 बजे से होगा।
बताया गया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं का भ्रमण कर गौ रक्षा और गौ संवर्धन का संदेश दे रहे हैं। इसी क्रम में उनका अयोध्या आगमन प्रस्तावित है।
18 जुलाई को बस्ती के लिए करेंगे प्रस्थान
आयोजन समिति के सदस्य एवं शहीद शोध संस्थान के प्रबंध निदेशक सूर्यकांत पाण्डेय ने बताया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अयोध्या में रात्रि विश्राम करेंगे और 18 जुलाई की सुबह 8 बजे बस्ती के लिए रवाना होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शंकराचार्य के आगमन के बाद पादुका पूजन, स्वागत समारोह और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। समारोह स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग पर अयोध्या बस स्टेशन के निकट स्थित है।
आयोजन समिति का गठन
समारोह को सफल बनाने के लिए एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति में पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय 'पवन', पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, पार्षद कृष्ण गोपाल यादव, डॉ. मीरा यादव, लक्ष्मण यादव, अनिल कुमार यादव 'बबलू', अंगद यादव, रक्षाराम यादव, अशोक गुप्ता (एडवोकेट), राकेश यादव, रामभवन यादव, सुरेंद्र यादव (प्रधान), बलराम यादव और अंकित पाण्डेय सहित अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: फैजाबाद बार ने छोड़ा साथ, सरकार ने संभाली जिम्मेदारी; अधिवक्ता कुलशेखर सिंह करेंगे पैरवी
