बाराबंकी में ट्रिपल टक्कर का तांडव: डंपर से भिड़ी डबल डेकर बस, पीछे से रोडवेज ने मारी टक्कर, पांच गंभीर घायल
कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी: अमृत विचार : बाराबंकी में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। सफेदाबाद के पास पहले गोरखपुर से जयपुर जा रही डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े खराब डंपर से टकराई। इसके कुछ ही पल बाद पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस भी डबल डेकर से जा भिड़ी। इस ट्रिपल टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाराबंकी जिले के सफेदाबाद क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 8 बजकर 32 मिनट पर भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से जयपुर जा रही एक डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े खराब डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी कुछ समझ पाते, उससे पहले बहराइच से लखनऊ जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस भी पीछे से डबल डेकर बस में जा भिड़ी। लगातार हुई तीन वाहनों की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराने का अभियान शुरू किया। नगर कोतवाली और माती थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में सड़क किनारे खड़े खराब डंपर से टक्कर के बाद पीछे से रोडवेज बस के भिड़ने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
