UPTET को लेकर तैयारी पूरी, गोंडा में 18 केंद्रों पर 39,702 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

 सीसीटीवी और पुलिस निगरानी में होगा एग्जाम

गोंडा, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) जिले में 2, 3 और 4 जुलाई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। तीन दिनों में पांच पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर 39,702 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। इसके अलावा सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। केंद्राध्यक्षों को शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में एलबीएस डिग्री कॉलेज (मेन व साइंस कैंपस), जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज, शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, एपी इंटर कॉलेज मनकापुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज रगड़गंज, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी स्मारक इंटर कॉलेज डुमरियाडीह, सरजू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, कन्हैया लाल इंटर कॉलेज करनैलगंज, भारतीय इंटर कॉलेज कटरा बाजार, श्री गांधी विद्या मंदिर राधाकुंड, कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, एमडीबी सिंह इंटर कॉलेज तरबगंज और जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय सहित कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं।

ये भी पढ़ें  : 
गोंडा के एडीएम आलोक कुमार अब कहलाएंगे IAS, 29 पीसीएस अधिकारियों को मिली पदोन्नति

संबंधित समाचार