Pilibhit News : बिजली कब आएगी! पूछते-पूछते गुजर गई रात, गर्मी में शहरवासी बेहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दिनभर आंख-मिचौली के बाद कई इलाकों में रातभर गुल रही बिजली

पीलीभीत में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। रातभर बिजली गुल रहने और लगातार ट्रिपिंग के कारण भीषण गर्मी में शहरवासियों का हाल बेहाल है।

पीलीभीत, अमृत विचार। बिजली व्यवस्था की बदहाली ने बुधवार को शहरवासियों को दिनभर छकाने के बाद रातभर भी चैन नहीं लेने दिया। दिनभर ट्रिपिंग और आंख-मिचौली से परेशान लोगों की मुश्किल शाम होते-होते और बढ़ गई। फीलखाना में शाम पांच बजे से बिजली गुल हो गई, जबकि अवध नगर में रात नौ बजे से आपूर्ति ठप रही। बल्लभ नगर समेत कई मोहल्लों में एक फेस गायब रहा। लो-वोल्टेज तो कहीं बार-बार ट्रिपिंग ने लोगों को गर्मी में बेहाल कर दिया। रातभर बिजली आने का इंतजार करने के बाद भी गुरुवार सुबह तक ई इलाकों में आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी।

शहर की बिजली व्यवस्था लंबे समय से बेपटरी है। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह भी लड़खड़ाती सप्लाई को लेकर मिली शिकायतों के बाद नाराजगी जता चुके हैं, लेकिन सुधार की ओर कोई ठोस कदम नहीं उठ सका। बुधवार को दिनभर बिजली संकट से शहरवासी जूझते रहे। इसके बाद रात में भी परेशानी कम नहीं हुई। मोहल्ला फीलखाना में शाम पांच बजे से गायब हुई बिजली देर रात करीब तीन बजे महज 15 मिनट के लिए आई और फिर चली गई। इसके बाद सुबह तक लोग बिजली का इंतजार करते रहे। अवध नगर में भी रात नौ बजे से आपूर्ति बाधित रही। सुबह करीब पांच बजे कुछ देर बिजली आई, लेकिन फिर गुल हो गई। इसके बाद एक फेस ही आने की शिकायत की गई। बल्लभ नगर में एक फेस पूरी रात गायब रहा। एकता नगर में बिजली के बार-बार आने-जाने से लोग परेशान रहे।

लाल रोड, जोशी टोला, अशरफ खां, मलिक अहमद, मधुवन कॉलोनी, अग्रवाल सभा रोड, आसफ़जान, साहूकारा, अशोक कालोनी, राजीव कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों इलाकों में भी बिजली संकट बना रहा। कहीं पूरी तरह आपूर्ति ठप रही तो कहीं आधे मोहल्ले में बिजली गुल थी। गर्मी के बीच बिजली कटौती ने नींद भी पूरी नहीं होने दी। गुरुवार सुबह भी समस्या खत्म नहीं हुई। जेपी रोड पर बिजली गुल हो गई। अन्य इलाको में भी हालात जस के तस रहे।

शिकायतों और इंतजार के बीच बीतती रही रात
बिजली गुल होने के बाद उपभोक्ता पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों को लगातार कॉल करते रहे। विभागीय वाट्सएप ग्रुपों पर भी बिजली आने का समय पूछते रहे, लेकिन घंटों बाद भी राहत नहीं मिली। उपभोक्ताओं का कहना था कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद फाल्ट दूर करने में लंबा समय लगा। भीषण गर्मी में रातभर बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ी।रातभर उपभोक्ता आने की जानकारी करने में जुटे थे। मगर, सुबह तक भी इसका स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।

पेड़ की टहनी गिरने से 11 केवी लाइन हुई प्रभावित
आवास विकास फीडर की 11 केवी लाइन पर ज्वाला देवी मंदिर के पास पेड़ की टहनी गिर गई। इससे तीनों तार प्रभावित होने से आपूर्ति बाधित हुई। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर टहनी हटाने और लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू किया। जागी देर बाद सप्लाई चालू हो सकी।

ये भी पढ़ें - Badaun News : एंटी करप्शन ने बदायूं में काश्तकार से 12 हजार की घूस लेते दो विद्युतकर्मी पकड़े 

संबंधित समाचार