कानपुर में एंटी करप्शन का एक्शन, 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए बिजली विभाग के जेई

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बिजली ठेकेदार से कमीशन मांगने के आरोप में झींझक विद्युत उपखंड के जूनियर इंजीनियर की गिरफ्तारी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू।

मंगलपुर (कानपुर देहात), अमृत विचारः विद्युत उपखंड झींझक में जूनियर इंजीनियर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। एंटी करप्शन टीम ने जेई को एक विद्युत ठेकेदार से कमीशन के नाम पर  20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी जेई को अकबरपुर थाने ले जाया गया। वहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।

झींझक विद्युत उपखंड में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात रंगलाल पाल झींझक उपखंड से जुड़े रसूलाबाद के कई गांव का काम देखते हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक बिजली ठेकेदार से कमीशन के नाम पर 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत ठेकेदार को रिश्वत की राशि लेकर जेई के पास भेजा गया। जैसे ही जेई रंगलाल पाल ने 20 हजार रुपए लिए पहले से ही मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। 

टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली। फिलहाल जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी जेई पहले भी इस प्रकार की अवैध वसूली में शामिल रहा है या नहीं। मामले में पूछताछ और जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप का माहौल है। पुलिस और एंटी करप्शन टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। एंटी करप्शन विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ेंः कानपुर को मिलेगा हाईटेक ऑडिटोरियम: GIC ग्राउंड में ₹8.10 करोड़ से बना 500 सीटों वाला आधुनिक सभागार तैयार

संबंधित समाचार