गोंडा-बेलसर मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा : सरिया लदी ट्रक पलटने से 3 मजदूरों की मौत, चार श्रमिकों ने कूदकर बचाई जान
गोंडा, अमृत विचार: देहात कोतवाली क्षेत्र के गोंडा-बेलसर मार्ग पर गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया लदी ट्रक पलटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रक संख्या UP-51 AT-2731 गोरखपुर के गीडा से सरिया लेकर वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण स्थल पर जा रहा था। ट्रक में चालक के अलावा सात मजदूर भी सवार थे। गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में रविन्द्र पासवान (31 वर्ष) पुत्र रामबहादुर, राजेंद्र पासवान (42 वर्ष) पुत्र रामबहादुर तथा रामगुलाम पासवान (50 वर्ष) पुत्र भगवानदीन, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना तरबगंज, ट्रक के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार दुबरे पुत्र राममूरत, संजय पुत्र हरीलाल, रामकुमार पासवान पुत्र श्याम तथा कालू पासवान पुत्र राममूरत, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना तरबगंज, समय रहते ट्रक से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रविन्द्र, राजेंद्र और रामगुलाम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक के अचानक वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण ट्रक पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। तीनों मृतक और चारों सुरक्षित बचे मजदूर एक ही गांव चांदपुर, थाना तरबगंज के रहने वाले हैं और पुल निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए ट्रक के साथ जा रहे थे। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें :
प्रयागराज में झमाझम बारिश से खिले किसानो के चेहरे, मेजा, मांडा और उरुवा में धान की खेती को होगा फायदा
