वरुण विहार समेत पांच परियोजनाओं को अर्बन चैलेंज फंड देगा रफ्तार, LDA उपाध्यक्ष ने दिल्ली से आई यूसीएफ टीम के साथ किया मंथन
1090 चौराहे पर फ्लाईओवर, पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग, लाइब्रेरी, कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स के री-डेवलपमेंट के लिए मांगा फंड
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने वरुण विहार, 1090 चौराहा फ्लाईओवर, पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग, बहुमंजिला लाइब्रेरी और कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स री-डेवलपमेंट समेत पांच परियोजनाओं के लिए अर्बन चैलेंज फंड से वित्तीय सहायता मांगी।
लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण की वरुण विहार समेत शहर की पांच परियोजनाओं को अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) रफ्तार देगा। गुरुवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दिल्ली से आई यूसीएफ की टीम के साथ पारिजात सभागार में बैठक करके परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए मंथन किया। बैठक में 1090 चौराहे पर फ्लाईओवर, पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग, लाइब्रेरी, कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स के री-डेवलपमेंट के लिए फंड मांगा गया।
उपाध्यक्ष ने बताया कि आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक अर्बन चैलेंज फंड योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत शहरी परियोजनाओं के लिए 25 फीसद तक धनराशि पूंजी के तौर पर दी जाती है। वरुण विहार समेत पांच परियोजनाओं के लिए पूंजी जुटाने के लिए अर्बन चैलेंज फंड में आवेदन किया था।
इस क्रम में दिल्ली से आई यूसीएफ टीम ने सभी परियोजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया, जिसके लिए वित्तीय अनुदान मांगा गया है। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, प्राधिकरण के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार, यूसीएफ के सदस्य मृत्युंजय जायसवाल, दीपू टॉम एवं नीरजा गुप्ता समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे। बैठक के बाद साइट का टीम ने विजिट किया।
पहले चरण में एक हजार करोड़ से होंगे वरुण विहार के कार्य
बैठक में सर्वप्रथम आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित 6580 एकड़ में प्रस्तावित वरुण विहार आवासीय योजना का प्रेजेन्टेशन दिया गया। इस आवासीय योजना में लाखों परिवारों के आशियाने का सपना साकार होगा। प्रथम चरण में लगभग एक हजार करोड़ रुपये से विकास कार्य किये जाने हैं। इसके लिए यूसीएफ से 25 फीसद धनराशि मांगी गई।
1090 चौराहे पर 2.3 किमी फ्लाईओवर
लामार्टीनियर ग्राउंड तक 2.3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। जो ग्रीन कॉरिडोर के फेज-2 से फेज-3 और 4 को भी जोड़ेगा। इस परियोजना में कुल 330 करोड़ रुपये का खर्च आएगा और लगभग 10 लाख की शहरी आबादी को इसका लाभ मिलेगा। इसी तरह 30 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग के लिए वित्तीय अनुदान मांगा गया है।
विद्यार्थियों के लिए बनेगी आधुनिक बहुमंजिला लाइब्रेरी
उपाध्यक्ष ने बताया कि हनुमान सेतु के पास 2592 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। लखनऊ विश्वविद्यालय के पास यह लाइब्रेरी बनने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। इसके निर्माण में 58.78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा 195 करोड़ रुपये की लागत से कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स के री-डेवलपमेंट कार्य के लिए यूसीएफ से वित्तीय सहायता मांगी है।
