Bareilly News : प्रशासन की सख्ती जारी, 7 कोचिंग और लाइब्रेरी सील

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

तीसरे दिन भी चला अभियान, 10 संस्थानों की जांच में निलीं बड़ी खामियां, तीन संस्थानों को दिए नोटिस, बीडीए उपाध्यक्ष बोलीं- मानकों से समझौता नहीं

बरेली, अमृत विचार। लखनऊ में भीषण अग्निकांड के बाद बरेली प्रशासन एक्शन मोड में है। बरेली विकास प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने तीसरे दिन गुरुवार को भी कोचिंग संस्थानों में जांच अभियान चलाया। 10 संस्थानों की जांच में सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर सात कोचिंग और लाइब्रेरी को सील कर दिया गया, जबकि तीन संस्थानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

टीम ने शिव गार्डन कॉलोनी, डोहरा, एकता नगर, स्टेडियम रोड और रामपुर गार्डन क्षेत्र में कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। कई संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था नदारद मिली। आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी तो कहीं भवन संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और अनुमति पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। अध्ययन लाइब्रेरी, ज्ञान लाइब्रेरी, श्रीनाथ लाइब्रेरी, द-गुरु लाइब्रेरी, आइडियल कोचिंग एंड लाइब्रेरी, विनटैक लाइब्रेरी और तक्षशिला डिजिटल लाइब्रेरी को असुरक्षित मानते हुए सील कर दिया गया। वहीं मीरा लाइब्रेरी, एमक्यूब क्लासेज और एकेडमी ऑफ सिविल सर्विसेज को मानचित्र और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया।

A67

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि छात्रों के जीवन को जोखिम में डालने वाले संस्थानों के खिलाफ नरमी नहीं बरती जाएगी। अभियान के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसीएम सेकेंड विजय कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बीडीए के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता और अवर अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

तीसरे दिन प्रशासन की दो टीमाें को लगाया गया । प्रशासन के साथ-साथ बीडीए, अग्रिशमन विभाग की टीम भी शामिल रहीं। आगे भी अभियान जारी रहेगा। - अविनाश त्रिपाटी, एडीएम सिटी

संबंधित समाचार