अयोध्या में 8 वित्त विहीन कॉलेजों की मान्यता रद, माध्यमिक शिक्षा परिषद ने की कार्रवाई, जानें वजह
अयोध्या, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित 70 जिलों के 465 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों की मान्यता करने की बड़ी कार्रवाई में जिले के आठ वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालय जद में आए हैं। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने आदेश जारी कर कहा कि ये स्कूल लगातार दो वर्षों से कक्षाएं नहीं चला रहे थे और 2025 व 2026 की बोर्ड परीक्षा में एक भी परीक्षार्थी शामिल नहीं हुआ।
माध्यमिक शिक्षा अधिनियम के तहत इन विद्यालयों की मान्यता स्वतः समाप्त मानी जाएगी। बोर्ड सचिव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को सूची का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थी और अभिभावक अमान्य स्कूलों में प्रवेश लेने से बचें। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि जिले के आठ वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों की मान्यता भी रद की गई है। इन कॉलेजों के विरुद्ध अलग से नोटिस और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग की एक टीम संबंधित कॉलेजों का स्थलीय निरीक्षण कर कॉलेज संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगायेगी। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अब बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। अभिभावकों से अपील की गई है कि प्रवेश से पहले विद्यालय की मान्यता जरूर जांच लें।
जिले के इन माध्यमिक विद्यालयों की रद हुई मान्यता
- एमडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, अयोध्या
- मधुराज़ एचएसएस, मिल्कीपुर
- अद्वैत शिक्षण संस्थान यूएमवी, अयोध्या
- बलदेव बालिका यूएमवी, शाहगंज
- हरीश कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, गंजा
- शिव लघु इंटर कॉलेज, देवकाली
- श्री धर्मराज बलवान रावत यूएमवी, रामपुर
- पारमा एकेडमी हाई स्कूल, रामघाट, अयोध्या
