कोर्ट परिसर के अंदर चोरी-छिपे रील बनाना पड़ा भारी, इंस्टाग्राम यूजर महिला के खिलाफ FIR दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार : न्यायालय की सुरक्षा और गोपनीयता से खिलवाड़ करने के एक गंभीर मामले में इंस्टाग्राम यूजर महिला पर कानूनी गाज गिरी है। आरोपी महिला ने कोर्ट परिसर के भीतर प्रतिबंध के बावजूद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए थे। इस मामले पर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए सुरक्षा प्रभारी ने आईडी यूजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

संवेदनशील और गोपनीय स्थानों की बनाई वीडियो

न्यायालय सुरक्षा प्रभारी सुनील दत्त कौल की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाली एक महिला न्यायालय परिसर के भीतर चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थी। शिकायत के अनुसार, महिला ने कोर्ट के कुछ बेहद संवेदनशील और गोपनीय स्थानों के भी वीडियो बनाकर उन्हें इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक कर दिया। यह सभी वीडियो बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बनाए गए और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए।

न्यायपालिका की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप

तहरीर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि महिला का यह कृत्य न्यायालय के कड़े नियमों, सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा सक्षम अधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों का खुला उल्लंघन है। इससे न केवल न्यायालय की सुरक्षा और गोपनीयता प्रभावित हुई है, बल्कि न्यायपालिका की गरिमा और प्रतिष्ठा को भी गहरी ठेस पहुंची है।

आईडी बंद करने और कठोर कार्रवाई की मांग

सुरक्षा प्रभारी ने पुलिस से मांग की है, संबंधित सोशल मीडिया खातों से न्यायालय परिसर से जुड़े सभी वीडियो तुरंत हटवाए जाएं। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाली इस इंस्टाग्राम आईडी को पूरी तरह बंद कराया जाए। आरोपी महिला के विरुद्ध कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए।

पुलिस कर रही है जांच

सुरक्षा प्रभारी सुनील दत्त कौल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई सभी वीडियो सामग्रियों की गहनता से पड़ताल की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
योगाभ्यास और पौधरोपण से दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बच्चों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज