Barabanki News: महिला मित्र से मिलने गए युवक की कार से 64 हजार पार, पुलिस जांच में खुला राज, दंपती गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचारः कोतवाली क्षेत्र में महिला मित्र से मिलने गए एक युवक की कार से 64 हजार चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में महिला मित्र और उसके पति की संलिप्तता उजागर होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार मित्तई चौकी क्षेत्र के रसूलपुर दरगाह निवासी रोहित कुमार शुक्रवार शाम बिशुनपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव में अपनी महिला मित्र से मिलने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी कार बाहर खड़ी कर दी, जबकि उनका एक अस्वस्थ मित्र वाहन में ही मौजूद था। कुछ देर बाद कार में रखे 64 हजार गायब मिले। कार में बैठे मित्र ने रोहित को बताया कि एक बच्चा कार से रुपये निकालकर उसी घर में गया है, जहां वह मिलने गए थे। रोहित ने रुपये वापस मांगे तो महिला और उसके पति ने अभद्रता कर वहां से भगा दिया। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान दंपती लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन महिला के 11 वर्षीय पुत्र से पूछताछ में मामले का खुलासा हो गया। बच्चे ने बताया कि उसने कार से रुपये निकालकर अपने माता-पिता को दे दिए थे। पुलिस की पूछतांछ में आरोपी दंपती ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की पूरी रकम बरामद हो गई। कोतवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार