Bareilly News : ऑयस्टर मशरूम से ऐसा इम्यूनिटी बूस्टर बना रहा रुहेलखंड विश्वविद्यालय, कम कीमत में भरपूर एनर्जी

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

रुहेलखंड में बड़ै स्तर पर हो रही मशरूम की पैदावार, रुहेलखंड विश्वविद्यालय से लेकर बरेली कॉलेज तक ऑयस्टर मशरूम के उत्पादन पर दे रहे जोर

डॉ. विजय बताते हैं कि ग्रामीण इलाकों में लोगों के अंदर प्रोटीन की ज्यादा कमी देखी जाती है। आम लोगों तक प्रोटीन की पहुंचन आसान बनाने के लिए बाजार में पहले से मौजूद पाउडरों के मुकाबले इसकी कीमत एक चौथाई रखने का प्रयास है। जो पाउडर तैयार किया है वो 100 प्रतिशत प्राकृतिक और प्रिजर्वेटिव रहित है।

अमृत विचार, बरेली। वैसे तो बाजार में ऑयस्टर मशरूम से बनने वाले कई तरह के इम्युनिटी बूस्टर पाउडर मौजूद हैं मगर कीमत बहुत ज्यादा होने की वजह से आम लोगों की पहुंच से बाहर हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) बरेली में पादप विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर ने आर्थिक स्थितियों को ध्यान में रखकर ऑयस्टर मशरूम से सस्ता प्रोटीन पाउडर विकसित करने का दावा किया है। हालांकि जरूरत के मुताबिक इसमें कितनी मात्रा में प्रोटीन व मिनिरल्स हैं, इस पर शोध जारी है।

पादप विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार सिंहाल ने बताया कि मशरूम रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से इंसानों में प्रोटीन की कमी पूरा करने के लिए ऑयस्टर मशरूम प्रोटीन पाउडर तैयार किया गया है। ऑयस्टर मशरूम में 31 से 33 प्रतिशत प्रोटीन होता है, जो शरीर में प्रोटीन की जरूरत को पूरा करता है। विटामिन ए, बी, सी व डी, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक जैसे मिनिल्स की मात्रा इसमें परखने का काम जारी है।

 

100 प्रतिशत प्रकृतिक व प्रिजर्वेटिव रहित

डॉ. विजय बताते हैं कि ग्रामीण इलाकों में लोगों के अंदर ज्यादा प्रोटीन की कमी देखी जाती है। लोगों तक यह आसानी से पहुंच सके, इसके लिए बाजार के दूसरे पाउडरों के मुकाबले कीमत एक चौथाई रखने का प्रयास है। जो पाउडर तैयार किया है वो 100 प्रतिशत प्राकृतिक और प्रिजर्वेटिव रहित है। इसमें मशरूम के अलावा दूसरे प्राकृतिक श्रोतों से प्रोटीन मात्रा को संतुलित करने का प्रयास किया गया है।

 

शाकाहारी भी ले सकेंगे विटामिन बी-12

उन्होंने दावा किया कि विटामिन बी-12 किसी भी आम सब्जी में पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलता। ये केवल अंडा या मांस व मछली से लिया जा सकता है। मगर मशरूम केवल एक ऐसी सब्जी है जिसमें विटामिन बी-12 पाया जाता है। विटामिन बी-12 शरीर में ब्लड फॉर्मेशन करता है। ऐसे में इसकी अहमियत को समझा जा सकता है। शाकाहारी लोगों के लिए ये सबसे बेहतर विकल्प साबित होगा।

 

संबंधित समाचार