Bareilly News : बरेली में राहगीर की बाइक-मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
बहेड़ी में 4 जून को लूट कांड के बाद बदमाशों की तलाश में थी पुलिस, शनिवार देररात चढ़े हत्थे
बरेली में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई के बावजूद बदमाश सरेराह लूट जैसी घटनाओं का दुस्साहस कर रहे हैं। पिछले 8 महीनों में बरेली रेंज में ताबड़तोड़ मुठभेड़ सामने आई हैं।
अमृत विचार : बरेली पुलिस ने राहगीर से बाइक और मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया है। आरोपियों से पास लूटी गई बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
घटनाक्रम बहेड़ी का है। उलेतापुर के रहने वाले वीरपाल 4 जून की शाम को अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मिंतरपुर गांव के पास दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचे के दम पर उनकी बाइक और मोबाइल लूटकर भाग गए।
उन्होंने बहेड़ी थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। राह चलते लूट की घटना से पुलिस हरकत में आई और फौरन ही आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को ट्रैस कर लिया।
पुलिस ने रोका तो बाइक लेकर गिरे
पुलिस के मुताबिक, शनिवार की रात देवीपुरा बाजार के पुलिस टीमें गश्त और चेकिंग कर रही थीं। इस दौरान बाइक सवार दो लोग आते दिखाई दिए। उन्हें रुकने के लिए हाथ दिया लेकिन वे नहीं रुके और घबराहट में बैलेंस खोकर बाइक गिरा दी। पुलिस ने जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों भाग खड़े हुए।
पुलिस से घिरता देखकर उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में गोली लगी है। वहीं, दूसरा आरोपी बाइक गिरने से चोटिल हो गया। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। उनके पास से लूटी की बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है।
