Moradabad News: आक्रोश ठंडा करने की कवायद, व्यापारियों का साथ लेकर रोकी जाएगी बिजली चोरी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनियमित बिजली आपूर्ति से आक्रोशित व्यापारियों को मनाने के लिए संगठनों के साथ विभाग करेगा संवाद

लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से नाराज व्यापारियों को राहत देने के लिए अब बिजली विभाग ने संवाद का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। विभाग शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के साथ बैठकें कर उनकी समस्याएं सुनेगा और समाधान निकालने का प्रयास करेगा।

मुरादाबाद, अमृत विचार। लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से नाराज व्यापारियों को राहत देने के लिए अब बिजली विभाग ने संवाद का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। विभाग शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के साथ बैठकें कर उनकी समस्याएं सुनेगा और समाधान निकालने का प्रयास करेगा। बिजली विभाग का मानना है कि व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर न केवल बिजली व्यवस्था में सुधार किया जा सकता है, बल्कि राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने में भी सहयोग मिलेगा।

एसडीओ करेंगे व्यापारी संगठनों साथ बैठक
मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने रविवार को बताया कि सभी अधीक्षण अभियंताओं, अधिशासी अभियंताओं और उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित करें। इन बैठकों में बाजारों में हो रही अघोषित कटौती, ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, जर्जर लाइनों और ट्रांसफार्मरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। 

बाजार में बिजली गुल होने की शिकायतें
बिजली विभाग कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है। कई बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि बार-बार बिजली जाने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी इसका असर पड़ रहा है, जिससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी को देखते हुए विभाग ने व्यापारियों के साथ सीधे संवाद स्थापित करने की रणनीति बनाई है।

बैठकों में उठेगा बिजली चोरी का मुद्दा
बैठकों में व्यापारियों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति देने के लिए विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की जाएगी, ताकि विभाग की वित्तीय स्थिति मजबूत हो और बिजली व्यवस्था सुधारने के कार्य तेजी से कराए जा सकें। बिजली चोरी रोकने का मुद्दा भी इन बैठकों में प्रमुखता से उठाया जाएगा। कई क्षेत्रों में बिजली चोरी के कारण लाइन लॉस बढ़ रहा है, जिससे सामान्य उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में व्यापारी संगठनों से अपील की जाएगी कि वे बिजली चोरी रोकने में विभाग का सहयोग करें और किसी भी अवैध कनेक्शन या कटिया डालने की सूचना विभाग को दें।

शिकायत के जल्द निस्तारण को विशेष व्यवस्था
व्यापारियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष व्यवस्था बनाने पर भी विचार कर रहा है। व्यापारिक क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर बदलने, जर्जर तारों को दुरुस्त करने और फाल्ट होने पर शीघ्र आपूर्ति बहाल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। व्यापारी नेताओं सुनील कत्याल का कहना है कि यदि विभाग नियमित संवाद बनाए रखे और समस्याओं का समय से समाधान करे तो व्यापारियों का सहयोग भी विभाग को मिलेगा। उनका कहना है कि बिजली व्यवस्था सुचारू रखने से बाजारों में कारोबार प्रभावित नहीं होगा और उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म