Barabanki News : नदी में बहता शव दूसरे जिले की सीमा में ठेला, दो सिपाही लाइन हाजिर
बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र में कल्याणी नदी में बहते शव को बाहर निकालने के बजाय अयोध्या सीमा की ओर बढ़ाने के आरोप में दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। वायरल वीडियो के बाद सीओ जांच में दोनों की लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।
बाराबंकी, अमृत विचार : नदी में बहते शव को बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई करने के बजाए उसे अयोध्या सीमा में ठेलवाने वाले दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस करतूत की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।
जानकारी के अनुसार असंद्रा थाना अंतर्गत दिलावलपुर पुलिस चौकी क्षेत्र से होकर गुजरने वाली कल्याणी नदी में बुधवार को एक शव बह रहा था। इसकी सूचना पुलिस चौकी तक पहुंचाई गई। इस पर मौके पर जाकर कार्रवाई करने के बजाए चौकी पर तैनात सिपाहियों ने अन्य लोगों को मौके पर भेज दिया।
आरोप है कि सिपाहियों ने इन लोगों को लालच दिया और शव आगे बहा देने के लिए कह दिया। इसके बाद शव किसी तरह आगे बढ़ा दिया गया, जिससे बहता शव अयोध्या जिला मवई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरामद हो गया। वहां की पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाराबंकी से दूसरी सीमा में शव भेजने का मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया हालांकि अमृत विचार इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता लेकिन वीडियो की जांच में सिपाहियों की भूमिका संदिग्ध मिली।
सीओ जांच में सामने आई लापरवाही
जिस पर एसपी ने क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव को मामले की जांच सौंपी। सीओ की जांच में सिपाहियों की लापरवाही सामने आई। इसके बाद चौकी पर तैनात सिपाही विजय सरोज व तेज बहादुर वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ ने बताया कि लापरवाही पर दोनों सिपाहियों पर कार्रवाई की गई है।
