Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गोंडा। रेलवे प्रशासन की तत्परता, मेडिकल टीम की सूझबूझ और सहयात्रियों की मदद से चलती ट्रेन में एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। गुरुवार देर रात बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12566) के कोच में नवजात की किलकारी गूंजी तो यात्रियों के चेहरे पर खुशी और राहत नजर आई। घटना के बाद रेलवे की आपातकालीन व्यवस्था और मानवीय पहल की जमकर सराहना की जा रही है।

गोंडा स्टेशन पहुंचने से पहले शुरू हुई प्रसव पीड़ा

जानकारी के अनुसार, 23 और 24 जुलाई की मध्यरात्रि बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एस-4 कोच की बर्थ संख्या-29 पर यात्रा कर रही 26 वर्षीय खुशबू को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत बिगड़ती देख सहयात्रियों ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और गोंडा जंक्शन पर मेडिकल टीम की व्यवस्था कराई गई।

कोच में ही कराया गया सुरक्षित प्रसव

ट्रेन के गोंडा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंचते ही उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) दीपक पाण्डेय के नेतृत्व में रेलवे टीम और डॉक्टर प्रतिभा सिंह अपनी मेडिकल टीम के साथ एस-4 कोच में पहुंचीं। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रेन से उतारना उचित नहीं समझा गया। इसके बाद सहयात्रियों ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए कपड़ों का घेरा बनाकर कोच में ही अस्थायी व्यवस्था तैयार की। मेडिकल टीम ने तुरंत प्रसव प्रक्रिया शुरू कराई और कुछ ही समय में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

नवजात की किलकारी से कोच में छाई खुशी

बच्चे के जन्म के बाद पूरे कोच में खुशी का माहौल बन गया। यात्रियों ने मेडिकल टीम, रेलवे कर्मचारियों और मदद करने वाले सहयात्रियों की सराहना की। प्रसव के बाद डॉक्टरों ने मां और नवजात की प्राथमिक जांच की और जरूरी उपचार उपलब्ध कराया।

एम्बुलेंस से अस्पताल भेजे गए मां-बच्चा

रेलवे प्रशासन ने जच्चा और बच्चे को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था कर जिला महिला अस्पताल भेजा। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक गोंडा जंक्शन पर खड़ी रही।

रेलवे अधिकारियों ने बताई पूरी प्रक्रिया

उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) दीपक पाण्डेय ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही मेडिकल टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। डॉक्टरों, रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। उन्होंने बताया कि फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। रेलवे की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की।

ये भी पढ़ें : 
Sitapur News: सतर्क लोको पायलट ने टाला बड़ा रेल हादसा, इंजन के नीचे फंसे युवक की बचाई जान; 20 मिनट रुकी रही ट्रेन

संबंधित समाचार