India-Afghanistan ODI: इकाना में ''हिटमैन'' के तूफान इंतजार, 17 जून को भारत-अफगानिस्तान के बीच होगा महामुकाबला

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रोहित शर्मा की एक झलक पाने को आतुर लखनऊवासी, 15 जून की शाम से इकाना में लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ की फिजाओं में अब क्रिकेट का पारा चढ़ने वाला है। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले के लिए तैयार हो गया है। मुकाबले की चर्चा हर जुबान पर है, और इसका सबसे बड़ा कारण हैं ''हिटमैन'' के इकाना आगमन की आहट, जिसने शहर के क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें तेज कर दी हैं।

रोहित की मौजूदगी से बढ़ा सीरीज का रोमांच

वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिए यह सीरीज टीम इंडिया के लिए इम्तेहान जैसी है। विराट कोहली और हार्दिक पंड्या के न होने से रोहित शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी है। प्रशंसकों का मानना है कि रोहित का मैदान पर होना ही टीम के हौसले के लिए काफी है। धर्मशाला में अपना जलवा दिखाने के बाद, अब हर कोई उम्मीद कर रहा है कि इकाना की पिच पर रोहित फिर से अपने क्लासिक शॉट्स और छक्कों की बरसात करेंगे। वहीं, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, केएल राहुल और अर्शदीप सिंह जैसे युवा खिलाड़ी भी अपने दम-खम से इकाना के मंच को यादगार बनाने के लिए तैयार हैं।

इकाना के ''किंग'' हैं रोहित शर्मा

रोहित शर्मा को यूं ही नहीं इकाना का किंग कहा जाता है। उनकी मैदान पर बल्लेबाजी एक बड़ा गवाह है। 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इकाना में रोहित ने जो किया था, उसे लखनऊ कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने महज 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन ठोंककर साबित कर दिया था कि वे क्यों ''हिटमैन'' कहलाते हैं। उस दिन उनके बल्ले से निकले सात छक्के आज भी फैंस की यादों में ताजा हैं।

2023 के वनडे विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ जब टीम इंडिया दबाव में थी, तब रोहित की 87 रनों की पारी ने ही जीत की नींव रखी थी। इकाना की पिच पर उनका संयम और आक्रामकता का तालमेल हमेशा विरोधी टीमों के लिए सिरदर्द साबित हुआ है।

धर्मशाला से जीत का कारवां लेकर 15 जून की शाम तक टीम इंडिया और अफगानिस्तान की टीमें लखनऊ की सरजमीं पर कदम रखेंगी। 16 जून को इकाना स्टेडियम में दोनों टीमें पसीना बहाएंगी और अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगी। 17 जून की शाम जब फ्लड लाइट जलेंगी, तो पूरा इकाना ''रोहित-रोहित'' के नारों से गूंज उठेगा। इस मुकाबले के बाद 18 जून को दोनों टीमें चेन्नई के सफर के लिए रवाना होंगी। इकाना के दर्शक बस उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब रोहित शर्मा अपने चिर-परिचित अंदाज में क्रीज पर उतरेंगे।

संबंधित समाचार