Bareilly News: निकाह से कुछ घंटे पहले बड़ी बहन गहने लेकर हुई फरार, छोटी बहन बनी दुल्हन तो बारात घर पहुंच गया उसका दोस्त, फिर मच गया बवाल
बरेली के बिथरी क्षेत्र का मामला, पहले दूल्हा पक्ष ने किया विरोध, बाद में निकाह पर सहमति बनी, इसी बीच युवती के दोस्त के पहुंचने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ ।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक निकाह उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब निकाह से कुछ घंटे पहले होने वाली दुल्हन घर से गहने लेकर कथित तौर पर फरार हो गई। परिवार ने आनन-फानन में उसकी छोटी बहन का निकाह कराने का फैसला किया।
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक निकाह उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब निकाह से कुछ घंटे पहले होने वाली दुल्हन घर से गहने लेकर कथित तौर पर फरार हो गई। परिवार ने आनन-फानन में उसकी छोटी बहन का निकाह कराने का फैसला किया। दूल्हा पक्ष ने पहले इस पर आपत्ति जताई, लेकिन बातचीत के बाद राजी हो गया। तभी छोटी बहन का एक दोस्त बारात घर पहुंच गया, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बहन को दुल्हन बनाकर बैठाया
शाहजहांपुर-बरेली रोड स्थित एक बारातघर में उदयपुर जश्रथपुर की युवती का निकाह भिंडोलिया निवासी युवक से होना था। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से पहुंची। दुल्हन पक्ष के लोग भी तैयारियों में जुटे थे। निकाह पढ़ाने की तैयारी चल रही थी और दूल्हा पक्ष दुल्हन का इंतजार कर रहा था। इसी बीच पता चला कि दुल्हन शुक्रवार रात ही घर से जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई है। अचानक आई इस स्थिति से घबराए परिजनों ने मामला संभालने की कोशिश की और दुल्हन की छोटी बहन को निकाह के लिए तैयार कर दूल्हे के सामने बैठा दिया। जैसे ही दूल्हे और उसके परिजनों को इसका पता चला, उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
बहन का दोस्त भी पहुंचा तो हुआ विवाद
बताया जाता है कि विवाद अभी थमा भी नहीं था कि छोटी बहन का एक दोस्त भी बारातघर पहुंच गया। उसने शादी का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया और लाठी-डंडे चलने लगे। हंगामा बारातघर से निकलकर शाहजहांपुर-बरेली रोड तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान किसी ने फायरिंग कर दी।
गोली चलने में मच गई भगदड़
गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर भगदड़ मच गई। कई लोगों को चोटें आईं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सड़क पर ईंट-पत्थर चलने और हंगामे के कारण कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा। थानाध्यक्ष राजेश बाबू ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
