INDIA Bloc Meeting : अब हर दो महीने पर होगी INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक, इन पांच मुद्दों पर बनी सहमति, बोले खरगे
इंडिया गठबंधन की सोमवार को यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में करीब ढाई घंटे तक चली बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बैठक में पांच मुद्दों पर सहमति बनी जिसमें इंडिया गठबंधन के नेताओं के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए हर दो महीने में बैठक आयोजित करना शामिल है।
नई दिल्ली। विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के पेपर लीक होने और सीबीएसई में गड़बड़ी के मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है और कहा है कि देश की आर्थिक स्थिति पर विचार करने के लिए सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।
इंडिया गठबंधन की सोमवार को यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में करीब ढाई घंटे तक चली बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बैठक में पांच मुद्दों पर सहमति बनी जिसमें इंडिया गठबंधन के नेताओं के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए हर दो महीने में बैठक आयोजित करना शामिल है। इस आधार पर गठबंधन की अगली बैठक आठ अगस्त को हैदराबाद में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में यह सहमति भी बनी कि 'वोट चोरी' और चुनाव में हेराफेरी को लेकर देश के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजा जाये। यह पत्र बहुत जल्द लिखकर उन तक पहुँचाया जाएगा। नीट पेपर लीक मामले में सर्वसम्मति से फैसला हुआ कि शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। खरगे ने कहा कि बैठक में देश के आर्थिक हालात तथा सामाजिक मुद्दों पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की सरकार से मांग की गयी।
उन्होंने कहा "केंद्र सरकार को तुरंत सभी दलों की बैठक बुलानी चाहिए ताकि वर्तमान अस्थिर आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दे, अत्याचार और अन्य लोग-केंद्रित मुद्दों पर चर्चा की जा सके।" कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में यह भी सहमति बनी है कि सभी दलों के नेताओं हर दो महीने में मिलना चाहिए।इसके साथ ही मानसून सत्र के दौरान संसदीय समन्वय जारी रहेगा, जिसमें विपक्ष के नेता के कार्यालय में प्रतिदिन संसद की कार्यवाही शुरु होने से पहले बैठकें होंगी।
बैठक में खरगे के अलावा कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, एम के प्रेमचंद्रन, कपिल सिब्बल, वाम दलों के नेताओं तथा अन्य घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। खरगे ने बताया कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
https://twitter.com/incuttarpradesh/status/2063932309238432233?s=46
इंडिया ब्लॉक के नेताओं में इन मुद्दों पर बनी सहमति
- गठबंधन के नेताओं में सहमति बनी कि SIR और मतदाता सूची में हेरफेर तथा चुनाव की निष्पक्षता के संबंध में भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजा जाएगा। ये पत्र उन्हें शीघ्र ही सौंपा जाएगा।
- लाखों छात्रों को प्रभावित करने वाले अनेक गंभीर मुद्दों की स्थिति को देखते हुए ये सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके कार्यकाल में NEET और CBSE परीक्षाओं में लाखों युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ है। नतीजा है कि आज लाखों युवा सड़कों पर खड़े हैं।
- वर्तमान में बढ़ती गंभीर आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, अत्याचार और किसानों के मुद्दों को हम उठाते रहेंगे। केंद्र सरकार को जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए, जिसमें हम इन सारे मुद्दों को उनके सामने रखेंगे।
- INDIA गठबंधन के सभी दल हर दो महीने में बैठक करेंगे। हमारी अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी।
- मानसून सत्र के दौरान संसदीय समन्वय जारी रहेगा और हर सुबह नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।
