Gonda News : देवीपाटन व बस्ती मंडल के विकास का रोडमैप तैयार कर गए CM योगी, सड़क-सेतु निर्माण पर दिया जोर
जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता, सड़क और सेतु निर्माण पर जोर
गोंडा, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा में आयोजित समीक्षा बैठक में देवीपाटन और बस्ती मंडल के विकास का नया रोडमैप तय कर गए। सीएम सड़क, पुल, फ्लाईओवर, बाईपास और हेलीपैड निर्माण से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी। कमिश्नर कार्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों मंडलों के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और विकास योजनाओं को जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
राजनीतिक दृष्टि से भी बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देशों को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार विकास कार्यों के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

बैठक में देवीपाटन और बस्ती मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलने के बाद विभिन्न परियोजनाओं पर जल्द ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे दोनों मंडलों के विकास को नई गति मिलेगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की लोक निर्माण विभाग के कार्ययोजना की समीक्षा के दौरान गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख विकास आवश्यकताओं और परियोजनाओं का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को सांसदों के साथ समन्वय कर प्रस्तावों की प्राथमिकता सूची तैयार करने तथा उसे शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, राज्य राजमार्गों के उन्नयन, बड़े एवं छोटे पुलों, रेलवे ओवरब्रिज अंडरपास, धार्मिक व पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों, फ्लाईओवर निर्माण और सड़क सुरक्षा संबंधी प्रस्तावों पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ने, चीनी मिलों तक बेहतर संपर्क मार्ग विकसित करने और एकल संपर्क वाले क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रमों में संबंधित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संपादित हों। बैठक में देवीपाटन और बस्ती मंडल के सांसद, विधायक, एमएलसी, दोनों मंडलों के आयुक्त, जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पीडब्लूडी के अधिकारियों की कार्यशैली पर भड़के सीएम योगी
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने हाल में देवीपाटन मंडल में सामने आए टेंडर संबंधी कथित अनियमितताओं के मामले में अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्रवाई के बाद न्यायालय से स्टे लेकर काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से देवीपाटन मंडल के मुख्य अभियंता और गोंडा के अधीक्षण अभियंता को लेकर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
