कासगंज में बड़ा हादसा : बारिश के दौरान गिरी मकान की छत, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
कासगंज। कासगंज जिले में सिढ़पुरा क्षेत्र के शेखूपुरा गांव में आंधी, तूफान और बारिश के दौरान एक मकान की छत गिर जाने से पति-पत्नी और उसकी चार वर्षीय पुत्री की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन के अनुसार शुक्रवार सुबह मकान की छत गिर गई, फलस्वरूप परिवार के सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गए।
प्रशासन के अनुसार इस हादसे में वीरभान (35), उनकी पत्नी नीलम (33) और चार वर्षीय पुत्री काव्या की मौके पर ही मौत हो गई जबकि काजल (12), मोहिनी (10) और सूरज (8) घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा मलबा हटाकर मृतकों के शव बाहर निकाले गए तथा पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि घायल बच्चों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है।
डीएम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
जिलाधिकारी प्रणव सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने प्रभावित परिवार की सहायता के लिए अलग-अलग टीम तैनात की हैं। एक टीम गांव में रहकर परिवार की आवश्यकताओं की व्यवस्था कर रही है, जबकि दूसरी टीम अस्पताल में भर्ती बच्चों की देखभाल में जुटी हुई है।
