UP पुलिस परिवार से 103 बच्चे MBBS और 26 पहुंचे IIT, बोले DGP- बच्चों को चुनौतियों से ही सीखना होगा
उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) की ओर से 235 बच्चे सम्मानित
लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश पुलिस फेमिली एसोसिएशन (वामा सारथी) की ओर से शनिवार को पुलिस परिवार के उन 235 बच्चों को सम्मानित किया गया जिन्होंने इस वर्ष सफलता की उंचाइयों को छूते हुए प्रोफेशनल कोर्सेज में प्रवेश लिया। इसके लिए पुलिस मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर वामा सारथी की अध्यक्षा मीनाक्षी सिंह (आईआरएस) मेधावियों को सम्मानित किया।
बतादें कि वामा सारथी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट में 90 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 267 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जबकि इस वर्ष कुल 438 मेधावी छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए, जिन्हें भी सम्मानित किया गया।
यूपी पुलिस अफसरों/कार्मिकों के बच्चों का कहां हुआ प्रवेश
- आईआईटी में 26 बच्चे
- एनआईटी में 23 बच्चे
- ट्रिपल आईटी में 11 बच्चे
- एमबीबीएस में 103 बच्चे
- एमटेक में 12 बच्चे
- एमबीए में 05 बच्चे, जिसमें दो आईआईएम
लगातार अपडेट हो रहा पुलिस मार्डन स्कूल
पुलिस मार्डन स्कूल के 192 प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों का प्रशिक्षण अजीम प्रेमजी फाउंडेसन सहभागिता से कराई गई। प्रदेश के 71 जनपदों में 2153 विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराई गई। इस वर्ष सभी पुलिस लाइन में वामा रीडिंग बुक एवं पुस्तकालयों की स्थापना पर काफी प्रयास किए गये और 3026 प्रतिभागियों द्वारा पुस्तकें दान की गई। पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के लिए जनपदों में बुक फेयर भी लगवाये जा रहे हैं, जहाँ उचित कीमतों पर बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही है। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में 2451 बच्चों ने परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित कार्यशालाओं मंउ भाग लिया।

अब वामा इको चैंप्स का शुभारंभ
इस अवसर पर मीनाक्षी सिंह ने “वामा इको चैंप्स” पहल का शुभारम्भ करते हुए बच्चों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अनुशासित, संवेदनशील एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनने का आह्वान किया। "वामा इको चैंप्स" के बच्चों द्वारा कार्यक्रम मे उपस्थित समस्त अतिथिगण एवं प्रतिभागीगणों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी के द्वारा प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण, जल एवं प्राकृतिक संसाधन के विवेकपूर्ण उपयोग, वृक्षारोपण एवं पौधों की देखभाल, स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, कूडे-कचरे का उचित निस्तारण करने, पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, दस अन्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण की शपथ दिलाने का संकल्प लिया।
बच्चों को चुनौतियों से ही सीखना होगा : डीजीपी
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उनकी सफलता परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं विपरीत परिस्थितियों में भी निरंतर आगे बढ़ने की क्षमता का परिणाम है। कहा कि जीवन में केवल अच्छे अंक ही नहीं, बल्कि जिज्ञासु बने रहना, चुनौतियों से सीखना, बड़े सपने देखना तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास के साथ सतत प्रयास करना भी उतना ही आवश्यक है।
इनकी उपस्थिति में हुआ सम्मान
कार्यक्रम में वामा सारथी के पदाधिकारियों में रेनू सिंह, श्वेता सेंगर, चारू गाबा, सृष्टि धवन, चेतना गुप्ता, बृजरानी स्वर्णकार, आरती वर्मा, पुनीता सिंह, आकांक्षा सिंह के अलावा वैद्स आईसीएस कोचिंग से पीएम त्रिपाठी, ध्येय फाउन्डेशन से विजय सिह, कैरियर लाँचर से सलीम, लॉ प्रेप ट्यूटोरियल से रोमा, एकेडमी फॉर कैरियर्स की शिप्रा, शील्ड डिफेन्स के प्रतिनिधियों द्वारा भाग लिया गया।
