CJP Protest: 'धरना समाप्त करें प्रदर्शनकारी बातचीत जारी रहेगी'... सीजेपी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद बोले जेपी नड्डा
स्वास्थ्य मंत्री ने धरना खत्म करने की अपील की, CJP बोली- ठोस आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। नड्डा ने बातचीत जारी रहने और धरना खत्म करने की अपील की, जबकि CJP ने कहा कि मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने, सोनम वांगचुक की रिहाई और NEET अभ्यर्थियों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग दोहराई।
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच सोमवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। बैठक के बाद नड्डा ने कहा कि सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत सकारात्मक माहौल में जारी है तथा उन्होंने आंदोलनकारियों से धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने की अपील की है। वहीं CJP ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।
जेपी नड्डा बोले- बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई
जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सोमवार सुबह प्रदर्शनकारियों की ओर से पहली बार सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया। उन्होंने कहा कि सुबह 11:50 बजे से बातचीत शुरू हुई और सौहार्दपूर्ण माहौल में प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत चर्चा हुई। शाम करीब 4 बजे संगठन की ओर से उन्हें लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया। नड्डा ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है।
https://twitter.com/JPNadda/status/2079161225121091904?s=20
CJP बोली- अभी कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला
बैठक के बाद CJP प्रतिनिधि सौरभ दास ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के सामने संगठन की प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा या उन्हें पद से हटाने की मांग प्रमुख है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि वह इस विषय पर उचित स्तर पर बात करेंगे, लेकिन अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। इसलिए संगठन का शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
ज्ञापन में रखीं तीन प्रमुख मांगें
CJP ने सरकार को सौंपे ज्ञापन में कहा कि संगठन 6 जून से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहा है, जबकि 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना जारी है।
संगठन ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं-
- सोनम वांगचुक की रिहाई और उनके आवागमन पर लगी सभी पाबंदियां हटाई जाएं।
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाए या उन्हें पद से हटाया जाए।
- NEET 2026 पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
ज्ञापन में दिल्ली पुलिस पर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग का आरोप लगाते हुए ऐसी कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की गई है। CJP का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।
