रायबरेली : बारिश ने खोला ओई गांव का इतिहास, जमीन धंसते ही दिखने लगीं प्राचीन ईंटों की दीवार

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

महराजगंज, रायबरेली, अमृत विचार : तहसील क्षेत्र के ऐतिहासिक और प्राचीन टीलों के लिए मशहूर ओई गांव में बारिश के दौरान अचानक एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव में बारिश के चलते अचानक जमीन धंसने से एक गहरी और रहस्यमयी सुरंग नुमा गुफा बन गई है। जमीन के अंदर प्राचीन ईंटों की दीवार दिखने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और इसे देखने के लिए ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया है।

जमीन धंसने की जगह पर करीब एक मीटर चौड़ाई व अंदर 10 मीटर चौड़ी गुफा नुमा स्थान में प्राचीन ईंटों की एक दीवार भी दिखी। पूरा मामला ओई गांव निवासी स्व. रामदेव की पत्नी गुरुदेई के खेत का है। खेत की ऊपरी सतह पर लगभग एक मीटर का छेद दिखाई दे रहा है, लेकिन जब अंदर झांककर देखा गया तो मामला चौंकाने वाला निकला। अंदर कई मीटर गहरी और करीब 10 मीटर चौड़ी विशाल गुफा जैसी सुरंग बनी हुई है।

ग्रामीणों ने लिया सुरंग का जायजा

ग्रामीणों ने जब सुरंग का जायजा लिया, तो उन्हें अंदर प्राचीन बनावट वाली ईंटों की दीवारें साफ दिखाई दीं। प्राचीन टीले पर बनी इस सुरंग में पुरानी ईंटें मिलने से यह मामला ऐतिहासिक दृष्टिकोण से और भी रहस्यमयी और उत्सुकता का विषय बन गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम व क्षेत्रीय लेखपाल डेजी वर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया मामले से जिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि यह कोई बहुत पुराना या प्राचीन कुआं रहा होगा, जिसकी वजह से अंदर ईंटों की दीवारें दिखाई दे रही हैं। पुरातत्व विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है और उनके निर्देशानुसार आगे की खुदाई व जांच की कार्रवाई की जाएगी। जमीन अंदर से पूरी तरह खोखली होने के कारण हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र की घेराबंदी कर ग्रामीणों को गड्ढे के पास न जाने की सलाह दी गई है। अब सभी को पुरातत्व विभाग की टीम के आने और इस प्राचीन रहस्य से पर्दा उठने का इंतजार है।

संबंधित समाचार