Sultanpur News : मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 91 हजार, कार्रवाई न होने पर कोर्ट पहुंचा युवक

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

मोबाइल हैक कर SBI क्रेडिट कार्ड से चार ट्रांजेक्शन में उड़ाए 91,119 रुपये, पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन से लेकर एसपी तक लगाई थी गुहार

सुलतानपुर के लंभुआ निवासी प्रदीप कुमार यादव के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने 91,119 रुपये निकाल लिए। पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर में 91 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़ित युवक को अदालत की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश के बाद साइबर थाने में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

क्रेडिट कार्ड से निकले 91,119 रुपये

लंभुआ थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी प्रदीप कुमार यादव ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 23 मार्च 2026 की शाम करीब सात बजे उनके मोबाइल पर संदेश आया कि उनके एसबीआई (SBI) क्रेडिट कार्ड से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 91,119 रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग किया। ट्रांजेक्शन में दो बार 2,025 रुपये, एक बार 64,956 रुपये और एक बार 22,193 रुपये निकाले गए।

साइबर हेल्पलाइन और एसपी से भी नहीं मिली राहत

प्रदीप कुमार यादव का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 25 मार्च को पुलिस अधीक्षक को भी लिखित शिकायत दी गई, बावजूद इसके एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पुलिस से राहत न मिलने पर पीड़ित ने अदालत का रुख किया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर साइबर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार