Hardoi News : मामा के अंतिम संस्कार में युवक की मौत, गंगा नदी में डूबने से बड़ा हादसा; गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने मामा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक की गंगा नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शीशम बाग गांव निवासी करीब 25 वर्षीय सुमित राजपूत अपने मामा राम आसरे (निवासी नांदखेड़ा, थाना हरपालपुर) के अंतिम संस्कार में शामिल होने कुसुमखोर गंगा घाट पहुंचा था। राम आसरे की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, अंतिम संस्कार के बाद सुमित गंगा में नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था।
नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सुमित को डूबता देख उसके साथ आए परिजन बबलू, लाखन, रामकुमार और चेतराम उसे बचाने के लिए गंगा में कूद गए। परिजनों ने उसे पकड़ भी लिया था, लेकिन नशे की हालत में सुमित खुद को संभाल नहीं सका और बचाव कर रहे लोगों पर हावी हो गया। इसी दौरान वह दोबारा तेज धार में बह गया।
पुलिस और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह और अग्निशमन अधिकारी गौतम चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक सुमित का कोई पता नहीं चल सका था।
परिवार में मचा कोहराम
परिजनों ने बताया कि सुमित चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर का था और अभी अविवाहित था। वह पेशे से पेंटर का काम करता था। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
